यूपी सरकार में पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी बरेली पहुंची। वहां उन्होंने मीडिया से महागठबंधन, राहुल गांधी और अंबेडकर समेत तमाम मुद्दों पर बात की।
बरेली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की वजह से आज यहां हूं, ये कहना है उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी का। एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने बरेली पहुंची पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी के विरोध की वजह से मैं यहां हूं। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास विजन नहीं है।महागठबंधन के सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत से इस समय विरोधी दल घबराए हुए हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव और चीफ जस्टिस के खिलाफ महाभियोग लाने वाली है तो इस पर कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि लाइम लाइट में आने के लिए विपक्ष ऐसा कर रहा है। उनका अपनी संख्या पर कोई ध्यान नहीं है।
अम्बेडकर जी का पूरा नाम लिखा जाएगा
वहीं अम्बेडकर के नाम में राम जोड़े जाने पर मायावती के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम के नाम को छोटा किया। ये बात तो उनसे पूछी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब अम्बेडकर जी का पूरा नाम लिखा जाएगा।
बीजेपी से घबराया विपक्ष
महागठबंधन पर कहा कि राजनीति में कोई भी चीज हलके में नहीं ली जाती। इसलिए हम इसे गंभीरता से लेंगे। लेकिन इससे एक बात सिद्ध हो गई है कि बीजेपी इतनी मजबूत पार्टी बन गई है, जिससे सारा विपक्ष घबराया हुआ है। गोरखपुर और फूलपुर में पार्टी की हार पर उन्होंने कहा कि अतिआत्मविश्वास की वजह से वहां हार हुई है।
अखिलेश का ट्वीट अशोभनीय
गाज़ियाबाद में सड़क उद्घाटन पर अखिलेश के ट्वीट पर कहा कि अखिलेश का ट्वीट अशोभनीय है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब काम पूरा होता है तो सरकार अपना शिलापट लगाती है। मायावती भी पहले अखिलेश पर निशाना साधती थीं और कहती थीं कि जो काम हमने किये उनका श्रेय अखिलेश ले रहे हैं।
जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
रीता बहुगुणा जोशी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान एंटी रैबीज खत्म होने पर कहा कि लखनऊ जाकर जल्द एंटी रैबीज के इंजेक्शन भिजवाएंगे। गौरतलब है की एक महीने से जिला अस्पताल में एंटी रैबीज नहीं है।