सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कथित हिरासत की अफवाहों के बीच काज़ी-ए-हिंदुस्तान सकुशल भारत लौट आए हैं। वह अपने परिवार के साथ उमरा की इबादत अदा कर जेद्दा एयरपोर्ट से रवाना हुए और शनिवार सुबह करीब पांच बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे।
बरेली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कथित हिरासत की अफवाहों के बीच काज़ी-ए-हिंदुस्तान सकुशल भारत लौट आए हैं। वह अपने परिवार के साथ उमरा की इबादत अदा कर जेद्दा एयरपोर्ट से रवाना हुए और शनिवार सुबह करीब पांच बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। मुंबई पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद अकीदतमंदों और चाहने वालों ने उनका फूलों से गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया। एयरपोर्ट के बाहर उनके स्वागत के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फ़रमान हसन ख़ान (फ़रमान मियां) ने बताया कि काज़ी-ए-हिंदुस्तान रविवार को बरेली पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में मुरीदीन और अकीदतमंदों द्वारा जोरदार इस्तकबाल की तैयारियां की जा रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए पहुंचेंगे।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि रियाद में रोजा इफ्तार के दौरान काज़ी-ए-हिंदुस्तान को हिरासत में ले लिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया था। हालांकि उसी समय उनके दामाद फ़रमान हसन ख़ान उर्फ फ़रमान मियां ने इन खबरों का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह बेबुनियाद बताया था। फ़रमान मियां के अनुसार पश्चिम एशिया में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए वहां की एजेंसियां किसी भी बड़ी भीड़ या धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतती हैं। इसी क्रम में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सामान्य सुरक्षा जांच की थी। लेकिन कुछ लोगों ने इस रूटीन चेकिंग को गलत तरीके से पेश करते हुए हिरासत की अफवाह फैला दी।
उस समय कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी लोगों से अपील की थी कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली खबरों को बिना तस्दीक साझा न करें। ऐसी अपुष्ट खबरें समाज में भ्रम और अनावश्यक चिंता पैदा करती हैं। अब काज़ी-ए-हिंदुस्तान के सुरक्षित भारत लौट आने के बाद यह साफ हो गया है कि हिरासत की खबर महज अफवाह थी। वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार उमरा की इबादत अदा कर वापस लौट आए हैं। फिलहाल बरेली में उनके अकीदतमंद और मुरीदीन उनके इस्तकबाल की तैयारियों में जुटे हुए हैं और रविवार को उनके स्वागत के लिए बड़ी भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है।