शहर में एकतरफा प्यार की आड़ में अपराध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती को बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और जब विरोध हुआ तो खुद को बचाने के लिए अवैध तमंचा तक रख लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बरेली। शहर में एकतरफा प्यार की आड़ में अपराध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती को बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और जब विरोध हुआ तो खुद को बचाने के लिए अवैध तमंचा तक रख लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना मंगलवार की है, आरोपी अफसर उर्फ साहिल ने युवती को गांधी उद्यान के पास बुलाया। यहां उसने दोस्ती करने का दबाव बनाया। युवती के इंकार करते ही वह जबरदस्ती पर उतर आया। हालात बिगड़ते देख युवती के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। मंगलवार देर रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने रेलवे जंक्शन के पास मनोरंजन सदन के नजदीक आरोपी को घेर लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का नाजायज तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था और लगातार कॉल व मैसेज कर उसे दोस्त बनाना चाहता था। मना करने पर उसने जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर से उसने एक साथी से तमंचा मंगाकर अपने पास रख लिया था।
इस मामले में कोतवाली थाने में छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा पहले ही दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पर आर्म्स एक्ट में भी केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। अधिकारियों ने साफ कहा है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।