बरेली

‘रेखा सरकार ने भी यूपी की तर्ज पर काम करना शुरू कर दिया’, मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर बोले मौलाना बरेलवी

Maulana Shahabuddin Razvi On Mosque Action: दिल्ली के शालीमार बाग में कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं।
3 min read
Sep 23, 2026
Maulana Shahabuddin Razvi On Mosque Action
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी (Photo-IANS)

Maulana Shahabuddin Razvi On Mosque Action: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मस्जिद के कथित अवैध विस्तार और आसपास के अतिक्रमण के खिलाफ हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। कार्रवाई के बाद विपक्षी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए हैं। नेताओं का आरोप है कि सरकार अपराध और राजधानी की अन्य समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय धार्मिक मुद्दों के जरिए लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है। मामले को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के नेशनल प्रेसिडेंटमौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा सरकार से ऐसी कार्रवाई से बचने की मांग की है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने क्या कहा?

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने शालीमार बाग में मस्जिद को गिराए जाने की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रेखा सरकार ने भी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर भगवान की पूजा की जाती है और नमाज पढ़ी जाती है, ऐसी पवित्र जगहों को निशाना बनाया जा रहा है। मौलाना ने कहा कि रेखा सरकार को समझना चाहिए कि इस तरह की कार्रवाई भेदभाव और छोटी सोच की बुनियाद पर की जाती है, जिसे मंजूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले सहारनपुर में भी एक मस्जिद गिराई गई थी और अब दिल्ली में शालीमार मस्जिद को निशाना बनाया गया है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने रेखा सरकार से ऐसी कार्रवाई से बचने की मांग करते हुए कहा कि इससे बराबरी बनी रहनी चाहिए।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर साधा निशाना

शालीमार बाग की कार्रवाई को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी देश में लोगों को बांटकर, 'विविधता में एकता' के सिद्धांत को कमजोर करके और सांप्रदायिकता फैलाकर सत्ता में बने रहना चाहती है। अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका साबित होगा और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। सपा सांसद ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ऐतिहासिक बताते हुए दावा किया कि अगर भाजपा उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 50 सीटें भी जीतती है तो यह उसके लिए बड़ी बात होगी। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का भी दावा किया। अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा के दिन पूरे हो चुके हैं।

कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने भी शालीमार बाग में हुई कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल किए। अभिषेक दत्त ने कहा कि राजधानी में अपराध की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने सरकार से राजधानी की कानून-व्यवस्था और अपराध की घटनाओं को लेकर सवाल उठाए।

सड़क चौड़ीकरण के लिए चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान

दरअसल, दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मैक्स हॉस्पिटल रोड को चौड़ा करने की परियोजना के तहत प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था। इसी कार्रवाई के दौरान मदीना मस्जिद और उसके आसपास बने कुछ मकानों समेत सड़क क्षेत्र में मौजूद कथित अवैध कब्जों को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पर नजर रखी गई। मस्जिद और आसपास के कथित अतिक्रमण पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब यह मामला सियासी मुद्दा बन गया है। विपक्षी नेताओं और मुस्लिम संगठनों की ओर से कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं, जबकि प्रशासन की कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाने के तौर पर सामने आई है।

Updated on:
23 Sept 2026 05:51 pm
Published on:
23 Sept 2026 05:43 pm