जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र के महेशपुरा में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के होश उड़ा दिए। स्क्रैप गोदाम की दीवार के नीचे सुरंग बनाकर चोर करीब दो टन कॉपर स्क्रैप चोरी कर ले गए।
बरेली। जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र के महेशपुरा में चोरों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के होश उड़ा दिए। स्क्रैप गोदाम की दीवार के नीचे सुरंग बनाकर चोर करीब दो टन कॉपर स्क्रैप चोरी कर ले गए। चोरी गए माल की कीमत लगभग 28 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
कोतवाली क्षेत्र की भटनागर कॉलोनी निवासी शिवानी जैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पंजीकृत फर्म स्क्रैप का कारोबार करती है और नीलामी के जरिए माल खरीदती है। उनका गोदाम सीबीगंज के महेशपुरा इलाके में स्थित है। मंगलवार सुबह जब उनके पति पंकज जैन गोदाम पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। गोदाम की दीवार के नीचे एक गहरी सुरंग बनी हुई थी, जिससे साफ था कि चोर इसी रास्ते अंदर घुसे।
गोदाम के अंदर रखे करीब दो टन कॉपर स्क्रैप पूरी तरह गायब था। कॉपर की बाजार कीमत के हिसाब से नुकसान करीब 28 लाख रुपये आंका गया है। जिस तरीके से सुरंग बनाकर चोरी की गई, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने कई दिनों तक रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। यह भी संभावना जताई जा रही है कि इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, क्योंकि गोदाम के अंदर रखे माल की सटीक जानकारी बिना यह संभव नहीं माना जा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि चोरी के इस अनोखे तरीके को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।