सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सूची को दरकिनार कर 325 प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। इस सूची में अखिलेश के करीबी कई मंत्रियों और विधायकों के नाम गायब थे। जिन नेताओं का टिकट कटा है उनका नाम अखिलेश की सूची में शामिल था। इनमें बरेली की नवाबगंज विधानसभा से मौजूदा विधायक भगवत शरण गंगवार और बहेड़ी के विधायक अताउर्रहमान भी शामिल हैं।
समर्थकों की मुलायम सिंह से अपील
टिकट कटने के बाद सपा विधायक भगवत शरण गंगवार के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर विरोध शुरू कर दिया है। समर्थकों ने सपा सुप्रीमो से अपील की है कि विधायक को ही टिकट दिया जाए। बता दें कि नई सूची में नवाबगंज से शिवपाल की करीबी शहला ताहिर का प्रत्याशी बनाया गया है। भगवत शरण गंगवार के समर्थन में लोग व्हाट्सअप और फेसबुक पर मुहिम चला रहे हैं।
गंगवार छह बार रहे चुके हैं विधायक
2012 में सपा के टिकट पर चुनाव जीते भगवत शरण गंगवार नवाबगंज से छह बार विधायक बन चुके हैं और इसी सरकार में स्वतन्त्र प्रभार के मंत्री रह चुके हैं। बता दें कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को 325 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सपा के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अखिलेश समर्थक निराश हैं क्योंकि सूची में अखिलेश समर्थकों के टिकट कट चुके हैं।