बरेली

दिल्ली हाईवे पर रफ्तार का कहर: रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत, दो की हालत नाजुक

दिल्ली हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

less than 1 minute read
Feb 05, 2026

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में दिल्ली हाईवे स्थित राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

घर लौट रहे थे तीनों युवक, रास्ते में टूटा मौत का कहर

मृतक और घायल युवक थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गुले के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक तीनों बरेली से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर पहुंची, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

पुलिस पहुंची मौके पर, घायलों को अस्पताल भेजा

सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

हादसे की खबर जैसे ही गांव गुले पहुंची, मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर