
बरेली। शहर में पहले से फैले डायरिया, डिहाइड्रेशन और मलेरिया के बीच अब डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में दो मरीजों की एलाइजा जांच पॉजिटिव आने से अलर्ट जारी कर दिया गया है। संदिग्ध मरीजों की लगातार जांच कराई जा रही है, जबकि संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाकर निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सेंट्रल जेल में बंद 58 वर्षीय कैदी लंबे समय से बुखार से पीड़ित था। दवा से राहत न मिलने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां रैपिड टेस्ट पॉजिटिव आया। पुष्टि के लिए कराई गई एलाइजा जांच भी पॉजिटिव निकली। इलाज के बाद अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। दूसरा केस रामनगर के कल्याणपुर की 21 वर्षीय युवती का है, जो तेज बुखार से पीड़ित थी। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में मरीज मिल रहे हैं, वहां टीमों को एक्टिव कर दिया गया है और घर-घर सर्वे कराया जा रहा है।
जनवरी से अब तक जिले में मलेरिया के 9 मरीज मिल चुके हैं। पिछले साल के आंकड़ों के आधार पर मझगवां, भमोरा, मीरगंज, रामनगर, शेरगढ़ और फतेहगंज पश्चिमी को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना गया है। इन क्षेत्रों में निगरानी और दवा वितरण पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, संवेदनशील इलाकों में इनडोर रेसिडुअल स्प्रेइंग (IRS) कराया जाएगा। साथ ही संदिग्ध मरीजों की रैपिड जांच और पॉजिटिव मामलों में पूरा दवा कोर्स सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में डेंगू और मलेरिया से जिले में कोई मौत नहीं हुई है। हालांकि आंकड़ों में गिरावट के बावजूद संक्रमण का खतरा पूरी तरह टला नहीं है।
Published on:
06 Apr 2026 06:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
