
आरोपी
बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन की टीम ने खनन विभाग के एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने आरोपी को कार्यालय में ही 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। इस कार्रवाई से खनन विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार किला थाना क्षेत्र के रौठा गांव निवासी वेद प्रकाश का ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज हो गया था। उसे छुड़वाने और जुर्माने से संबंधित पत्रावली जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के नाम पर खनन अधिकारी कार्यालय में तैनात लिपिक महमूद रजा खां ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की ट्रैप टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। सोमवार दोपहर करीब 12:52 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खनन अधिकारी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई। आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी विभाग में रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
06 Apr 2026 03:17 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
