6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हाईवे पर तड़पता रहा तीन बहनों का इकलौता भाई, 30 मिनट बाद पहुंची पुलिस… अस्पताल पहुंचते ही मौत

सीबीगंज क्षेत्र में बरेली-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद घायल युवक करीब आधा घंटा सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी।

2 min read
Google source verification

बरेली। सीबीगंज क्षेत्र में बरेली-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद घायल युवक करीब आधा घंटा सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार सीबीगंज थाना क्षेत्र के बंडिया गांव निवासी 25 वर्षीय सनी कश्यप परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में मजदूरी करता था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे लंच टाइम में वह खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान रोड नंबर तीन के पास हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सनी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस चौकी पास, फिर भी आधा घंटा तड़पता रहा युवक

हादसे की जगह परसाखेड़ा पुलिस चौकी से महज 25 कदम दूर थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। इस दौरान सनी सड़क पर ही तड़पता रहा और मदद के इंतजार में जिंदगी की जंग हार गया। पुलिस ने घायल सनी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

तीन बहनों का इकलौता भाई, घर का सहारा छिना

परिजनों के मुताबिक सनी कश्यप की शादी दो साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी पिंकी और डेढ़ साल का बेटा कृष्णा है। सनी तीन बहनों में इकलौता भाई था और परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत के बाद पत्नी, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।