बरेली

गालीबाज सपा नेता पर कार्रवाई न करना इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, एसएसपी ने की ये कार्रवाई

सोशल मीडिया पर सपा नेता का वीडियो वायरल होने के बाद पुुलिस की हुई थी फजीहत।
2 min read
• •
Updated: 7 Sep 2018, 2:24 PM IST
SP Leader
SP Leader

बरेली। किला थाने में जमकर गाली गलौज करने वाले सपा नेता वैभव गंगवार से दोस्ती निभाने वाले इंस्पेक्टर किला केके वर्मा को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह अब कैंट थाने के प्रभारी रहे धर्मेंद्र कुमार को किला थाने का चार्ज दिया गया गया है। सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष वैभव गंगवार का किला थाने में पुलिस वालों के सामने गाली बकने का वीडियो वायरल हो गया था, लेकिन इंस्पेक्टर किला ने सपा नेता से दोस्ती निभाते हुए इस मामले को हल्के में लिया और कोई कार्रवाई नहीं की। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जमकर फजीहत हुई और मामला लखनऊ तक पहुंच गया जिसके बाद वैभव गंगवार पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इस मामले में इंस्पेक्टर किला केके वर्मा पर कार्रवाई की तलवार लटक रही थी। फिलहाल एसएसपी मुनिराज ने उन्हें थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है।

क्या था मामला
बड़ा बाजार के रहने वाले केडी सूद के साथ वैभव गंगवार का जमीन का विवाद चल रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को मारपीट और रंगदारी मांगने के मामले में सपा नेता को गिरफ्तार किया था जहां पर उसने पुलिस वालों के सामने ही भद्दी भद्दी गालियां बकी थीं और पुलिसकर्मी चुपचाप खड़े देखते रहे। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया और कोर्ट से उसे अंतरिम जमानत भी मिल गई थी, लेकिन थाने में सपा नेता की गुंडई का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद किला पुलिस की जमकर किरकिरी हुई और अफसरों के आदेश पर पुलिस ने वैभव पर एक और मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

लखनऊ से लगी थी फटकार
सपा नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ जिसके बाद डीजीपी ने बरेली में अफसरों को हड़काया। इसके बाद एसएसपी मुनिराज ने किला पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर सपा नेता की गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। अफसरों की फटकार के बाद पुलिस ने सपा नेता पर थाने में हंगामा करने और गाली बकने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में सपा नेता से दोस्ती निभाने वाले इंस्पेक्टर किला को लाइन हाजिर कर दिया गया है। माना जा रहा है कि इस मामले में उन पुलिस वालों पर भी गाज गिर सकती है जो उस समय थाने में मौजूद थे और उन्होंने गाली बक रहे सपा नेता को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।

Published on: