बरेली

सौतेली बेटियों ने हैक कर ली मां की इंस्टाग्राम आईडी, फिर निजी तस्वीरों के साथ किया ऐसा खेल, उड़े सबके होश

सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इज्जतनगर इलाके में एक महिला ने अपनी ही सौतेली बेटियों पर इंस्टाग्राम आईडी हैक कर निजी फोटो और वीडियो से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

less than 1 minute read
Apr 14, 2026
फोटो सोर्स: एआई

बरेली। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इज्जतनगर इलाके में एक महिला ने अपनी ही सौतेली बेटियों पर इंस्टाग्राम आईडी हैक कर निजी फोटो और वीडियो से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कर्मचारी नगर निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह अमरीश नाम के व्यक्ति से हुआ है। अमरीश की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है और उसकी तीन बेटियां हैं। महिला के मुताबिक, दो सौतेली बेटियां अक्सर बहाने से उसका मोबाइल फोन लेती थीं। इसी दौरान उन्होंने मोबाइल से इंस्टाग्राम का पासवर्ड हासिल कर लिया और उसकी आईडी हैक कर ली।

फोटो बदले, निजी कंटेंट से छेड़छाड़

महिला का आरोप है कि आईडी हैक करने के बाद बेटियों ने उसकी कई तस्वीरों में बदलाव कर दिया। इतना ही नहीं, उसके निजी फोटो और वीडियो के साथ भी छेड़छाड़ की जा रही है। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। पीड़िता ने बताया कि इंस्टाग्राम पर ऑल इंडिया बार परीक्षा के नाम पर मैसेज भेजकर उससे ओटीपी भी हासिल किया गया। इसके बाद उसकी आईडी पूरी तरह उनके नियंत्रण में चली गई।

एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर इज्जतनगर थाने में बेटियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम के अनुसार, पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला साइबर क्राइम से जुड़ा है, इसलिए आईटी एक्ट के तहत भी जांच की जा रही है। मोबाइल डेटा और इंस्टाग्राम गतिविधियों की पड़ताल कर सच्चाई सामने लाई जाएगी। जल्द ही आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All