बरेली

जाटवपुरा में झगड़े के बाद पथराव, बुजुर्ग महिला की मौत से खलबली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

बरेली। प्रेमनगर के जाटवपुरा इलाके में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि 65 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों ने जहां पथराव के दौरान सीने में पत्थर लगने से मौत का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया इसे संदिग्ध मानते हुए […]

2 min read
Mar 26, 2026

बरेली। प्रेमनगर के जाटवपुरा इलाके में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि 65 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों ने जहां पथराव के दौरान सीने में पत्थर लगने से मौत का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया इसे संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

जाटवपुरा की टायर मंडी निवासी इमरान अपने घर से सब्जी बेचता है। आरोप है कि पास में किराने की दुकान चलाने वाले युवक ने बुधवार रात करीब 9 बजे उससे मजाक किया, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया। इमरान ने इसकी शिकायत युवक की मां से कर दी, जिससे मामला और भड़क गया।

घर में घुसकर बचा युवक, आरोपियों ने दीवार फांदकर किया पथराव

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक अपने साथियों के साथ इमरान के घर पहुंच गया और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए इमरान घर में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की और पड़ोस की दीवार से घर के अंदर पथराव शुरू कर दिया।

सीने में पत्थर लगने का आरोप, बेहोश होकर गिरी वृद्धा

इमरान के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक पत्थर उसकी 65 वर्षीय मां मारूख बेगम के सीने में जा लगा। वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मौत के बाद बढ़ा हंगामा, रात में पुलिस को दी गई सूचना

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी गई कि पथराव में वृद्धा की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का दावा—शरीर पर चोट नहीं, दिल की मरीज थीं महिला

सीओ सिटी आशुतोष शिवम् के मुताबिक, महिला के शरीर पर किसी गंभीर चोट का निशान नहीं मिला है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतका दिल की मरीज थीं। फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर भी नहीं दी गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज, हत्या या प्राकृतिक मौत?

जाटवपुरा की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या वाकई पत्थर लगने से वृद्धा की मौत हुई या फिर दिल का दौरा इसकी वजह बना? फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी, लेकिन इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Also Read
View All

अगली खबर