बरेली

आंधी-बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, ठंडक के साथ बढ़ी टेंशन… किसानों पर मंडराया संकट, तीन दिन बारिश का अलर्ट

बरेली समेत आसपास के जिलों में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई।

2 min read
Apr 08, 2026

बरेली। बरेली समेत आसपास के जिलों में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे पहले मंगलवार दोपहर तेज आंधी के बाद हुई बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तापमान में गिरावट के चलते मौसम ठंडा हो गया है और अगले तीन दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार मध्यम क्षोभमंडल में पाकिस्तान और पंजाब के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। मौसम विशेषज्ञ अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने से तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को इसमें करीब तीन डिग्री तक गिरावट का अनुमान है।

आंधी-बारिश से मिली राहत, लेकिन बढ़ी परेशानी

तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन इसके साथ ही कई तरह की परेशानियां भी सामने आई हैं। शाम तक जिले के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रही और रात में भी बादलों का डेरा बना रहा। मौसम में आई ठंडक से लोगों को राहत मिली, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

बदायूं रोड पर गिरा यूनीपोल, टला बड़ा हादसा

मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बदायूं रोड स्थित पराग फैक्ट्री के पास तेज आंधी के दौरान एक भारी-भरकम यूनीपोल गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यूनीपोल गिरते ही सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में इसे हटाकर रास्ता साफ कराया गया। इस घटना के बाद शहर में लगे अवैध और असुरक्षित विज्ञापन बोर्डों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीलीभीत में बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी

पीलीभीत जिले में मंगलवार रात से ही मौसम खराब बना हुआ है। बुधवार सुबह हल्की बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। इससे गेहूं की कटाई कर रहे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में कटी पड़ी और तैयार खड़ी फसल को नुकसान का खतरा मंडराने लगा है। यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है।

जनजीवन पर पड़ा असर

बारिश और ठंडी हवाओं के कारण शहर में लोगों की आवाजाही कम हो गई। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग छाता लेकर निकलते दिखे। वहीं स्कूली बच्चे भी रिमझिम बारिश के बीच भीगते हुए स्कूल पहुंचे। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह बारिश और बादलों का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है।

Also Read
View All