बरेली

समर्थ उत्तर प्रदेश: विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान का बरेली से शंखनाद

उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी अभियान समर्थ उत्तर प्रदेश –विकसित उत्तर प्रदेश @2047” का आगाज बरेली से किया। पूरे दिन इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी, एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी और अर्बन हाट में संगोष्ठियों का आयोजन हुआ। इसमें उद्योगपति, प्रोफेसर, डॉक्टर, व्यापारी, उद्यमी, छात्र-शिक्षक और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

4 min read
Sep 08, 2025

योगी सरकार का महाअभियान: अनुभवी अधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने उद्यमियों छात्रों के साथ साझा किया विचार

जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत का रोडमैप, बरेली बना शुभारंभ का गवाह

योगी सरकार की योजनाएं जन्म से मृत्यु तक हर वर्ग को कवर करती हैं

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी अभियान समर्थ उत्तर प्रदेश –विकसित उत्तर प्रदेश @2047” का आगाज बरेली से किया। पूरे दिन इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी, एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी और अर्बन हाट में संगोष्ठियों का आयोजन हुआ। इसमें उद्योगपति, प्रोफेसर, डॉक्टर, व्यापारी, उद्यमी, छात्र-शिक्षक और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि सरकार का विजन समावेशी है और समाज के हर वर्ग को योजनाओं के दायरे में लाने का संकल्प है। “यह अभियान केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि 2047 तक पूरे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखता है। जब भारत विकसित होगा तो विश्वगुरु बनेगा और इस यात्रा में यूपी की भूमिका निर्णायक होगी।”

प्रशांत कुमार ने कहा कि 2017 से अब तक यूपी में अभूतपूर्व बदलाव आया है। पहले दंगे और माफिया राज निवेश के रास्ते में बाधा थे, मगर अब भयमुक्त माहौल है। 45 लाख करोड़ का निवेश इनरोल हुआ, जिसमें 10 लाख करोड़ जमीनी स्तर पर उतर चुका है। 2.19 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी तरह पारदर्शी ढंग से की गई, जिनमें 33 हजार महिलाएं शामिल हैं। पिछले डेढ़ साल में 1 लाख 5 हजार अपराधियों को अदालतों से सजा दिलाई गई, जिनमें 70 को मृत्युदंड मिला है। माफियाओं की 144.31 बिलियन की संपत्ति जब्त की गई। उन्होंने कहा कि 30-30 साल तक माफिया राज करने वाले अब कानून के शिकंजे में हैं। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस ही विकास की असली कुंजी है। इसी बदले माहौल की वजह से आज यूपी निवेशकों की पहली पसंद है।

डीएम अविनाश सिंह ने कहा, योगी मॉडल पूरे देश की मांग बन चुका है

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल गई है। “आज लोग कहते हैं कि योगी मॉडल हमारे यहां भी लागू करो। अपराध और माफिया मुक्त यूपी अब निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक डेस्टिनेशन बन गया है। उन्होंने बताया कि बरेली जिले की प्रति व्यक्ति आय 91,511 रुपये तक पहुंच गई है। कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्योग और व्यापार क्षेत्र लगातार प्रगति कर रहे हैं। भय, भूख और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाना सरकार का लक्ष्य है।

डीएम ने कहा कि जब मां के गर्भ में बच्चा आता है तब से लेकर उसे जिम्मेदार नागरिक बनाने तक की योजनाएं सरकार चला रही है। अब जनसहयोग से ही भारत को 2047 तक विश्वगुरु बनाने का सपना पूरा होगा।

प्रमुख सचिव सौरभ बाबू बोले, यूपी बनेगा 6 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी

प्रमुख सचिव सहकारिता विभाग और बरेली के नोडल अधिकारी सौरभ बाबू ने यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि किसानों को 1.36 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। प्रदेश में 22 एक्सप्रेस-वे पूरे हो चुके हैं और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तैयार हो रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़ा सुधार हुआ है। 80 मेडिकल कॉलेज खोले गए और गोरखपुर व रायबरेली में एम्स का निर्माण हो रहा है।

छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए।

एनआरआईएफ रैंकिंग में सुधार हुआ और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष योजनाएं लागू की गईं। उन्होंने कहा कि हमारा अगला लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश को 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाया जाए। योगी सरकार ने आधारशिला रख दी है और अब यह दिशा तय है।

विजन डॉक्यूमेंट : अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। इसमें 12 अहम सेक्टरों को शामिल किया गया है – कृषि, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आईटी और उभरती टेक्नोलॉजी, पर्यटन, नगर व ग्राम्य विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुशासन।

तीन मुख्य थीम – अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति।

यह डॉक्यूमेंट अगले 22 सालों में भारत को समावेशी विकास, तकनीकी नवाचार और सतत प्रगति से विकसित राष्ट्र बनाने पर केंद्रित होगा।

नागरिक अपने सुझाव https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पोर्टल पर भेज सकते हैं।
सर्वश्रेष्ठ सुझावों को विजन डॉक्यूमेंट में शामिल कर पुरस्कृत किया जाएगा।

अन्य वक्ताओं ने रखे अपने विचार

पूर्व IAS रामाशंकर मौर्य कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत और मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प लिया है। इसी आधार पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार हो रहा है।

आईवीआरआई के पूर्व वैज्ञानिक अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि देश में केवल 35-40% दूध ही प्रोसेस होता है, जबकि 60% संसाधनों के अभाव में बर्बाद हो जाता है। पशुपालकों को टेक्नोलॉजी और रिस्क कवर मिलना जरूरी है। नेशनल टीवी को बढ़ावा मिले तो बड़ा बदलाव आएगा।”

रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के पूर्व परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने कहा कि 2017 के बाद से शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। डिजिटल क्लासरूम, व्यावसायिक शिक्षा और कंप्यूटर लर्निंग को बढ़ावा मिला है। अब 2138 पॉलिटेक्निक संचालित हो रहे हैं। स्कूल चलो अभियान और ऑपरेशन कायाकल्प ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाई है।

बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि सरकार जनता से सुझाव मांग रही है। यदि हर नागरिक कदम बढ़ाए तो यूपी 2047 तक देश और दुनिया में नंबर वन बन सकता है।

रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के कुलपति कि कानून व्यवस्था विकास की बुनियाद है। आज प्रदेश में 8375 कॉलेज संचालित हैं और नए विश्वविद्यालय खुल रहे हैं। शिक्षा व शोध के क्षेत्र में तेजी से सुधार हो रहा है।

छात्रों और शिक्षकों की आवाज

संगोष्ठियों में छात्रों और शिक्षकों ने भी सुझाव रखे।
पुरानी पेंशन लागू करने की मांग।
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और NEP-2020 को पूरी तरह लागू करने पर जोर।
स्किल डेवलपमेंट को ऐच्छिक बनाने, डिजिटल लाइब्रेरी और पारंपरिक किताबों को बढ़ावा देने की अपील।
ई-वाहन और सोलर लाइट्स का इस्तेमाल बढ़ाने की बात।
बच्चों के आधार कार्ड समय से बनने पर जोर, ताकि उन्हें योजनाओं और एडमिशन का लाभ मिले।
फिल्म इंडस्ट्री को प्रोत्साहन देने की भी राय दी गई।

उद्यमियों ने कार्यक्रम में दिए अपने सुझाव

उद्यमियों ने व्यापार और उद्योग से जुड़े मुद्दों को उठाया।
बैंकों की नीतियों की समीक्षा करने की मांग।
ऋण की उपलब्धता आसान हो।
15% डेवलपमेंट चार्ज हटाया जाए।
लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड में बदलने की अपील।

Also Read
View All

अगली खबर