बरेली। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सिपाही वीरपाल की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नाश्ता करने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत […]
बरेली। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सिपाही वीरपाल की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी संगीता के अनुसार गुरुवार सुबह करीब चार बजे वीरपाल ने नाश्ता मांगा था। नाश्ता करने के बाद उन्होंने अचानक सीने में तकलीफ और घबराहट की शिकायत की और आराम करने के लिए लेट गए। कुछ देर बाद जब उन्हें जगाने की कोशिश की गई तो वह नहीं उठे। घबराई पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं।
वीरपाल वर्ष 2006 बैच के सिपाही थे और पिछले तीन वर्षों से बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे। वह चौपुला के पास किराए के मकान में पत्नी और दो बेटों के साथ रह रहे थे। डॉक्टरों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।