बरेली

खंभे से बांधकर पीटा, फिर बाइक पर उठाकर ले गए आरोपी… तीन दिन से युवक लापता, वीडियो वायरल

बरखेड़ा इलाके में युवक के साथ हुई दरिंदगी ने लोगों को दहला दिया है। बीच रास्ते खंभे से बांधकर पिटाई और फिर जबरन बाइक पर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में खौफ और गुस्सा है। तीन दिन बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।

2 min read
Mar 28, 2026

पीलीभीत। बरखेड़ा इलाके में युवक के साथ हुई दरिंदगी ने लोगों को दहला दिया है। बीच रास्ते खंभे से बांधकर पिटाई और फिर जबरन बाइक पर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में खौफ और गुस्सा है। तीन दिन बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।

गांव पौटा कला निवासी आरिफ (22) 24 मार्च की शाम दौड़ लगाने निकला था। आरोप है कि गांव खमरिया के पास रास्ते में ही 10-12 लोगों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उसे खंभे से रस्सी से बांध दिया गया और लात-घूसों के साथ डंडों से जमकर पीटा गया। मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि युवक दर्द से तड़पता रहा।

अधमरी हालत में उठाया, बाइक पर जबरन बैठाकर ले गए

परिजनों के मुताबिक, पिटाई के बाद आरिफ की हालत बेहद खराब हो गई थी। इसके बावजूद आरोपी उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। उसी वक्त से युवक लापता है। तीन दिन गुजर जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला है, जिससे परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। यह वीडियो सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई। यही वीडियो अब पूरे मामले में सबसे बड़ा सबूत बन गया है।

पिता की तहरीर, नामजद आरोप… इंसाफ की गुहार

आरिफ के पिता शफीक शाह ने बरखेड़ा थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके पास घटना का पूरा वीडियो है। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पिता ने पुलिस से बेटे की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है और युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है। पिटाई की वजह भी साफ नहीं हो सकी है। घटना के बाद गांव में डर का माहौल है और लोग इस तरह की वारदात को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read
View All

अगली खबर