बरेली

एडीजी ने जारी किया ज़ोन भर में हाई अलर्ट, नौ जिलों के पुलिस कप्तानों को वीडियो कांफ्रेसिंग में दिया ये अल्टीमेटम

ईद, रामनवमी और नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक पर्वों के साथ ही दरोगा भर्ती परीक्षा को देखते हुए बरेली जोन में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कानून-व्यवस्था में जरा भी ढिलाई न हो, इसके लिए एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोन के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

2 min read
Mar 13, 2026

बरेली। ईद, रामनवमी और नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक पर्वों के साथ ही दरोगा भर्ती परीक्षा को देखते हुए बरेली जोन में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कानून-व्यवस्था में जरा भी ढिलाई न हो, इसके लिए एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोन के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षा की तैयारियों और लंबित मामलों की समीक्षा कर अफसरों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी, बढ़ेगी पुलिस गश्त

एडीजी ने साफ निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।

दरोगा भर्ती परीक्षा में चूक नहीं, हर सेंटर पर सख्त पहरा

बैठक में 14 और 15 मार्च को होने वाली उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस/समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। एडीजी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के आदेश दिए गए।

लंबित शिकायतों और अपराधियों पर कार्रवाई तेज

समीक्षा बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और सीसीटीएनएस में दर्ज मामलों की विवेचना 60 से 90 दिन के भीतर पूरी करने पर जोर दिया गया। साथ ही ई-साक्ष्य और ई-सम्मन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। अपराधियों के सत्यापन और संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने के लिए भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा और नशे के खिलाफ भी सख्त अभियान

एडीजी ने ऑपरेशन दहन के तहत मादक पदार्थों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कार्रवाई तेज करने को कहा। इसके अलावा जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

Also Read
View All

अगली खबर