बरेली

80 मजदूर, जेसीबी और क्रेन की मदद से 30 घंटे में तलाशा गया हरदोई के युवक तौहीद का शव

शहर के सैटेलाइट बस स्टैंड के पास नगर निगम की लापरवाही एक युवक की जान ले गई। बारादरी थाना क्षेत्र में खुले पड़े नाले में गिरने से हरदोई के युवक की मौत हो गई।
less than 1 minute read
Mar 26, 2026
Feature image

बरेली। शहर के सैटेलाइट बस स्टैंड के पास नगर निगम की लापरवाही एक युवक की जान ले गई। बारादरी थाना क्षेत्र में खुले पड़े नाले में गिरने से हरदोई के युवक की मौत हो गई। 24 मार्च को हुए इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और युवक की तलाश के लिए बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

30 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

युवक के नाले में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। नाले का तेज बहाव और अंदर कीचड़ भरे होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद कठिन रहा। लगातार 30 घंटे से ज्यादा समय तक सर्च अभियान चलाया गया।

80 मजदूर, जेसीबी और क्रेन की मदद से तलाश

रेस्क्यू अभियान में करीब 80 मजदूरों को लगाया गया। जेसीबी मशीन, क्रेन और पंप की मदद से नाले का पानी निकाला गया और कई जगह स्लैब हटाकर तलाशी ली गई। लंबी मशक्कत के बाद देर रात टीमों को सफलता मिली और नाले से युवक का शव बरामद कर लिया गया।

आधार कार्ड से हुई पहचान, हरदोई का था तौहीद

मृतक की पहचान तौहीद (30 वर्ष) निवासी शाहाबाद देहात, जिला हरदोई के रूप में हुई। उसकी पहचान जेब में मिले आधार कार्ड से की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

खुले स्लैब को माना जा रहा हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले पर लगा स्लैब कई जगह से टूटा और खुला हुआ है। इसी वजह से युवक अचानक नाले में जा गिरा। लोगों ने नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर में कई जगह खुले नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं।