बरेली

डबल इंजन सरकार ने जनता को डबल दुख दिए, 2027 में सपा करेगी वापसी: नरेश उत्तम

सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और फतेहपुर के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने गुरुवार को कहा कि आजम खान सपा के संस्थापक सदस्य और देश के बड़े नेता हैं। उन पर सिर्फ रंजिशन मुकदमे लादे गए। उनके बसपा में जाने की बातें महज अफवाह हैं।

less than 1 minute read
Sep 25, 2025

बरेली। सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और फतेहपुर के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने गुरुवार को कहा कि आजम खान सपा के संस्थापक सदस्य और देश के बड़े नेता हैं। उन पर सिर्फ रंजिशन मुकदमे लादे गए। उनके बसपा में जाने की बातें महज अफवाह हैं।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय डबल दुख दिए हैं। किसानों से लेकर नौजवान और व्यापारी तक हर वर्ग परेशान है। जनता अब बदलाव चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में एक इंजन का फेल होना तय है।

उन्होंने कहा आजम खान के जेल से बाहर आने पर सपा का हर कार्यकर्ता गदगद है। हमें न्यायपालिका से उम्मीद थी और वहीं से राहत मिली। भाजपा के राज में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के साथ खुला भेदभाव हो रहा है। ऐसे हालात में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) ही भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ स्तर तक मजबूती से जुटें। आपकी मेहनत ही 2027 में अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाएगी।

बरेली जंक्शन पर सांसद नरेश उत्तम पटेल के पहुंचते ही सपाइयों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शिव चरन कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, विजय पाल सिंह, शुभलेश यादव, कदीर अहमद, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, द्रोण कश्यप समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Also Read
View All

अगली खबर