बरेली में बिजली विभाग के बिल का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। किला में रानी साहब फाटक के पास बिजली विभाग ने एक मजदूर के मकान के लिये दो माह का बिल 6,44,799 रुपये भेज दिया है। यह मकान महज 20 गज में बना हुआ है।
बरेली। बरेली में बिजली विभाग के बिल का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। किला में रानी साहब फाटक के पास बिजली विभाग ने एक मजदूर के मकान के लिये दो माह का बिल 6,44,799 रुपये भेज दिया है। यह मकान महज 20 गज में बना हुआ है। इसमें न इनवर्टर है और न ही वाशिंग मशीन। घर में कई घंटे बिजली भी गुल रहती है। बिल आने के बाद मामला लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दो महीने का बिल आया 6 लाख रुपये
रानी साहब फाटक के पास रहने वाले रजनीश शुक्ला ने बताया कि पहले महीने में बिल 400 से 500 रुपये आता रहा है, लेकिन इस बार जब बिल आया तो वह 20 हजार रुपये था। जब उन्होंने बिल सही करवाने के लिए बिजली विभाग में संपर्क किया तो उन्हें बताया कि बिल में कोई गलती नहीं है। लेकिन जब उन्होंने जोर दिया तो बिल बढ़कर 6,44,799 रुपये हो गया। रजनीश शुक्ला ने बताया कि वह एक मजदूर हैं और उनकी मासिक आय महज 10 हजार रुपये है। ऐसे में उन्हें इतना बड़ा बिल देना मुश्किल है।
बिल सही करवाने के नाम पर मांगी जा रही मोटी रकम
इस मामले में बिजली विभाग अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह एक तकनीकी गलती है। बिल को जल्द ही सही किया जाएगा। रजनीश शुक्ला और उनके परिवार को अभी तक बिल के भुगतान के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। यह पहला मामला नहीं है। जब बिजली विभाग लोगों को उल्टे सीधे बिल भेजकर परेशान कर रहा है। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। जहां बिजली विभाग ने लोगों को गलत बिल भेजा है। बिल सही करवाने के नाम पर मोटी रकम ली है।