
बरेली। शेरगढ़ स्थित शिवम गैस एजेंसी पर सोमवार को एसडीएम बहेड़ी इशिता किशोर ने औचक निरीक्षण कर दिया, जिससे एजेंसी में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान व्यवस्थाओं की पोल खुल गई और मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना सूचना के सिलिंडर डिलीवरी दिखाकर उन्हें गैस नहीं दी जा रही है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि एजेंसी की ओर से होम डिलीवरी की सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्हें सुबह से एजेंसी पर आकर लंबी कतार में खड़ा होना पड़ता है। कई लोगों ने यह भी कहा कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहा।
एसडीएम ने कर्मचारियों से होम डिलीवरी व्यवस्था और समय-सारिणी रजिस्टर मांगा, लेकिन कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। रजिस्टर भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी और तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम को जानकारी मिली कि एजेंसी से करीब 100 मीटर दूर शाही-शेरगढ़-बहेड़ी मार्ग पर मंदिर के पास सड़क किनारे सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने मौके पर ही फटकार लगाई और तत्काल इस व्यवस्था को बंद कराया।
एसडीएम इशिता किशोर ने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। इन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगरिया खुर्द निवासी तौकीर अहमद और भाजपा नेता राघवेंद्र पाठक भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं से एसडीएम को अवगत कराया।
Updated on:
06 Apr 2026 09:52 pm
Published on:
06 Apr 2026 09:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
