बरेली

सब्जी व्यापारी की मौत को पुलिस मान रही थी सड़क दुर्घटना लेकिन सीसीटीवी फुटेज से खुला बड़ा राज -देखें वीडियो

सीसीटीवी फुटेज से साफ़ हो गया कि सब्जी व्यापारी की सड़क दुर्घटना में मौत नहीं हुई थी
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2018, 6:02 PM IST
Feature image

बरेली। बेटे से प्रेम प्रसंग की रंजिश में लड़की वालों ने सब्जी व्यापारी की हत्या कर दी। वे इलाज के बहाने घटनास्थल से उसे उठाकर ले गए और फरीदपुर में पचौमी गांव के पास लाश फेंककर फरार हो गए।पुलिस पहले इसे सड़क दुर्घटना का मामला मान रही थी लेकिन पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज से साफ़ हो गया कि सब्जी व्यापारी की सड़क दुर्घटना में मौत नहीं हुई थी जिसके बाद पुलिस ने फरीदपुर थाने में तीन लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सड़क किनारे मिली लाश

सब्जी व्यापारी राजाराम मौर्य (50) बारादरी थाना क्षेत्र के दुर्गानगर संजयनगर मोहल्ले के बन्टुलाल मौर्य का बेटा था। वह सुबह घर से अपनी बाइक से सब्जी मंडी जाने के लिए निकला था। पुलिस को उसकी लाश फरीदपुर के पचौमी गांव के पास पड़ी मिली। शुरुआत में पुलिस ने इसे एक्सीडेंट का मामला माना लेकिन कुछ समय बाद पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा जिससे साफ़ हो गया कि राजाराम की मौत सड़क दुर्घटना में नहीं हुई बल्कि उसकी हत्या की गई थी। राजाराम की मौत की सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के बेटे संजू व सुमित ने बताया कि उनके भाई मनोज का मोहल्ले की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों घर छोड़कर फरार हो गए थे। लड़की वाले तभी से उनसे रंजिश रखते थे।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सीसीटीवी फुटेज में साफ़ देखा जा सकता है कि आमना रोड चार खम्भा के पास एक पिकअप सवार कुछ लोगों ने राजाराम की बाइक में टक्कर मारी। पिकअप की टक्कर लगने से राजारम सड़क पर गिर पड़ा लेकिन पिकअप एक बार फिर बैक होकर राजाराम के करीब आई। पिकअप में सवार लोगों को देख कर राजाराम मौके से भाग गया। ये सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

तीन पर दर्ज हुआ मुकदमा

मृतक के बेटों का आरोप है कि जिस पिकअप ने उनके पिता को टक्कर मारी, उसमें लड़की पक्ष के नरेश के साथ अजय और वीरपाल भी सवार थे। वे इलाज के बहाने उनके घायल पिता को पिकअप पर लादकर ले गए। बाद में उनकी हत्या कर पचौमी गांव के पास फेंककर फरार हो गए। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि फरीदपुर थाने में फरीदपुर के रहने वाले नरेश,अजयवीर और शिवम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Published on: