बरेली

जूस की दुकान खोलने पहुंचा मालिक, अंदर मिली महिला की लाश, देखते ही मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां रोड नंबर 8 स्थित एक गन्ने के जूस की दुकान में अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

2 min read
Apr 13, 2026

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां रोड नंबर 8 स्थित एक गन्ने के जूस की दुकान में अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह मिली इस घटना की सूचना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक रोजाना की तरह जब दुकान मालिक सुबह अपनी जूस की दुकान खोलने पहुंचा, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान के भीतर एक महिला का शव पड़ा था। घबराए दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

महिला की शिनाख्त नहीं, कई सवाल खड़े

मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। महिला कौन थी, वह दुकान तक कैसे पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई—इन सभी सवालों ने मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना दिया है। स्थानीय लोग भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आसपास पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला कब और कैसे दुकान तक पहुंची। इसके साथ ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Also Read
View All