बरेली

बरेली में विकास की रफ्तार तेज, 36.5 करोड़ के कार्यों को मंजूरी, शहर के इस इलाके में बनेंगी सड़कें, होंगे ये काम

नाथ नगरी बरेली की सड़कों, पेयजल और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए नगर निगम ने 36.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2024, 7:26 PM IST
Feature image

बरेली। नाथ नगरी बरेली की सड़कों, पेयजल और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए नगर निगम ने 36.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़कों के निर्माण, घर-घर पेयजल कनेक्शन, सीवर लाइन बिछाने और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के साथ लीगेसी वेस्ट निस्तारण को प्राथमिकता दी गई है। मेयर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग के बजट पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक के मुख्य बिंदु

मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में मेयर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में हुई बैठक में टाइड ग्रांट के 22 करोड़ और अनटाइड ग्रांट के 14.5 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इन फंड्स को शहर के पेयजल, सीवर लाइन, पर्यावरण संरक्षण, और कूड़ा निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर खर्च किया जाएगा। डेलापीर तालाब के सौंदर्यीकरण में 1.11 करोड़ रुपये की बचत की गई, जिसे अन्य कार्यों में लगाया जाएगा। बैठक में नई आरसीसी बाउंड्री के निर्माण, ट्रांसफर स्टेशन संचालन, और लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग के लिए भी सहमति दी गई।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, अपर नगर आयुक्त एसके यादव, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, लेखाधिकारी अनुराग सिंह, और एक्सईएन एसके राठी सहित अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।


विभिन्न योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि

सड़क निर्माण: 10 करोड़ रुपये

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन: 5 करोड़ रुपये

पेयजल आपूर्ति: 6 करोड़ रुपये

सीवर लाइन बिछाने: 4 करोड़ रुपये

लीगेसी वेस्ट निस्तारण: 5 करोड़ रुपये


पेयजल योजनाएं

बैठक में कंजादासपुर क्षेत्र में 3335 पेयजल कनेक्शन के लिए 25 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा गया। इसी तरह नगरिया परीक्षित में 2806 कनेक्शन के लिए भी 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए। महेशपुर अटरिया और नवादा शेखान में नए नलकूप निर्माण की योजना बनाई गई। रामपुर गार्डन में जलकल विभाग के स्टोर में नया नलकूप और पुरानी पेयजल लाइनों की मरम्मत के प्रस्ताव भी पारित किए गए।

सीवर प्रबंधन

बेनीपुर चौधरी में 35 एमएलडी क्षमता के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन और अन्य स्थानों पर नई सीवर लाइन बिछाने के लिए बजट आवंटित किया गया।


"शहर को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए टाइड और अनटाइड ग्रांट का इस्तेमाल किया जा रहा है। विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।"

डॉ. उमेश गौतम, मेयर:


"15वें वित्त आयोग के तहत मिले बजट का उपयोग शहर के रुके हुए और नए विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। यह धनराशि बरेली के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।"

संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त

Updated on:
26 Nov 2024, 7:26 PM IST
Published on: