कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
बरेली। कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने 32 मिनट 34 सेकंड का वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया, जिसमें प्रेमिका के परिवार, अपने परिजनों और पुलिस पर प्रताड़ित करने तथा झूठी शिकायत कराने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार धोपेश्वरनाथ मंदिर के सेवादार विजय राठौर ने आत्महत्या से पहले अपना एक वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया था। इस वीडियो में उसने कहा कि वह पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बेहद परेशान है और पूरी-पूरी रात सो नहीं पा रहा है। विजय ने आरोप लगाया कि उसके अपने घरवालों और एक युवती के परिवार ने उसे इतना प्रताड़ित किया कि उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। वीडियो में विजय यह भी कहता सुनाई देता है कि उसके खिलाफ झूठी शिकायत कराई गई और पुलिस ने भी इस मामले में रुपये लेकर कार्रवाई की। उसने दावा किया कि वह निर्दोष है, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।
वीडियो में विजय ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात एक युवती से धोपेश्वरनाथ मंदिर में हुई थी। इसके बाद दोनों की इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। विजय ने युवती को प्रपोज भी किया था और दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। विजय के मुताबिक महाशिवरात्रि से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने करीब एक महीने तक उससे बातचीत बंद कर दी। बाद में उसने संदेश भेजकर साफ कह दिया कि अब उनके बीच कोई संबंध नहीं रह सकता।
वीडियो में विजय ने कहा कि वह युवती से रिश्ते को बचाने के लिए बार-बार उससे बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवती नहीं मानी। इस दौरान उसके परिजनों और युवती के परिवार की ओर से भी उसे प्रताड़ित किया गया। विजय ने अपने वीडियो में कहा कि वह यह वीडियो बरेली के एसएसपी तक पहुंचाना चाहता है। उसने कहा कि उसने सुना है कि एसएसपी अच्छे अधिकारी हैं और उम्मीद है कि उसकी मौत के बाद उसे न्याय मिलेगा।
विजय की आत्महत्या की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि युवक के आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।