सोमवार सुबह देवदत्त का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पीलीभीत। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव ज्योरहा कल्यानपुर में सोमवार सुबह देवदत्त का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब छह बजे मृतक की भाभी आरती देवी ने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो देवदत्त का शव फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ीं। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तुरंत कमरे में जाकर शव को नीचे उतारा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि देवदत्त की गांव के कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। उनका कहना है कि अक्तूबर 2025 में भी गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते देवदत्त की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे। मृतक के भतीजे अमित ने बताया कि रविवार को गांव के कुछ लोगों ने देवदत्त को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अगले ही दिन उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि कमरे में खून के छींटे भी दिखाई दिए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।