बरेली

बिना टिकट यात्रा करने वालों की अब नहीं खैर, रेलवे ने शुरू किया अभियान, दो दिन में 250 यात्री पकड़े, डेढ़ लाख जुर्माना वसूला

ट्रेनों में बिना टिकट सफर करने वालों की अब खैर नहीं। रेलवे ने ऐसे यात्रियों पर नकेल कसने के लिए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। बरेली जंक्शन पर चलाए गए विशेष अभियान में रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने महज दो दिनों में 250 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ लिया। इस दौरान यात्रियों से करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

2 min read
Jan 12, 2026

बरेली। ट्रेनों में बिना टिकट सफर करने वालों की अब खैर नहीं। रेलवे ने ऐसे यात्रियों पर नकेल कसने के लिए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। बरेली जंक्शन पर चलाए गए विशेष अभियान में रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने महज दो दिनों में 250 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ लिया। इस दौरान यात्रियों से करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

सीएमआई मो इमरान ने बताया कि सोमवार को लोकमान्य तिलक गाड़ी संख्या 14314 में चेकिंग के दौरान 110 लोग बिना टिकट पकड़े गए। जिनसे 77 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। बताते चलें कि पिछले कुछ समय से ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। इसका असर न सिर्फ रेलवे के राजस्व पर पड़ रहा था, बल्कि ईमानदारी से टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बरेली जंक्शन और इससे गुजरने वाली ट्रेनों में अचानक चेकिंग अभियान शुरू किया।

डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला

अचानक हुई चेकिंग से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया। कई यात्री इधर-उधर भागते नजर आए तो कुछ ने बहाने बनाकर बचने की कोशिश की, लेकिन टिकट चेकिंग स्टाफ की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। प्लेटफार्म से लेकर ट्रेनों के डिब्बों तक गहन जांच की गई और बिना टिकट पकड़े गए यात्रियों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। सीएमआई मो. इमरान चिश्ती ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि बिना टिकट या अनियमित यात्रा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे का लक्ष्य है कि यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता आए और सभी यात्री टिकट लेकर ही सफर करें।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस अभियान में सीएमआई मो. इमरान चिश्ती के साथ मुख्य टिकट निरीक्षक ओपी भरद्वाज, टिकट निरीक्षक पीसी जोशी, अनुराग समेत कई अन्य टिकट चेकिंग कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने अलग-अलग ट्रेनों में सघन जांच कर कार्रवाई को अंजाम दिया। रेलवे की इस सख्ती से ईमानदार यात्रियों ने राहत की सांस ली है। वहीं बिना टिकट सफर करने वालों में डर का माहौल है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और परेशानी से बचा जा सके।

Also Read
View All

अगली खबर