बरेली

होली पर संकट में पड़ गया सफर… स्पेशल ट्रेनों-बसों का किराया भारी, नियमित सेवाओं में सीट को मची मारामारी

होली की भीड़ में यात्रियों की राह आसान करने के दावों के बीच सोमवार को भी जंक्शन और बस अड्डों पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।

2 min read
Mar 02, 2026

बरेली। होली की भीड़ में यात्रियों की राह आसान करने के दावों के बीच सोमवार को भी जंक्शन और बस अड्डों पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। नियमित ट्रेनों और रोडवेज बसों में सीट के लिए धक्का-मुक्की दिखी, जबकि स्पेशल ट्रेन और बसों में अधिक किराया यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है। सुबह से ही टिकट काउंटरों और प्लेटफॉर्म पर लंबी कतारें लगी रहीं।

रेलवे की ओर से पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे की करीब 50 स्पेशल ट्रेनें बरेली होकर संचालित की जा रही हैं, लेकिन इनमें किराया अधिक होने के कारण सीटें खाली नजर आ रही हैं। यात्री नियमित ट्रेनों में ही सफर करना पसंद कर रहे हैं। रविवार को भी 10:30 से दोपहर 12 बजे के बीच रवाना होने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रही। शाम को भी प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की जगह नहीं थी।

रोडवेज में रूट बदलने का खेल

बरेली रीजन में रोडवेज की 650 से अधिक बसें संचालित हैं। होली पर अतिरिक्त फेरे लगाने और चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देने के बावजूद यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई। आरोप है कि कुछ चालक-परिचालक निर्धारित रूट की बजाय लंबा रूट पकड़ रहे हैं, जिससे यात्रियों का समय और किराया दोनों बढ़ रहे हैं। सोमवार सुबह आठ बजे बीसलपुर-बिलसंडा-बंडा-खुटार होते हुए पलिया जाने वाली बस में बैठी बंडा तक की सवारियों को बीच में ही उतार दिया गया। परिचालक ने कहा कि बस अब पूरनपुर-खुटार मार्ग से जाएगी। इस बदलाव से यात्रियों को 50 से 60 रुपये तक अधिक किराया देना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में महंगा रास्ता चुनने को बाध्य हुए।

बीच मार्ग की सवारियां नहीं बैठाईं

यात्रियों का आरोप है कि कुछ बसों में कम दूरी की सवारियां नहीं बैठाई जा रहीं और सीधे लंबी दूरी की सीटें भरी जा रही हैं। सेटेलाइट बस अड्डे पर कुछ रूटों पर अत्यधिक भीड़ रही, जबकि पुराना बस अड्डा अपेक्षाकृत खाली नजर आया। दिल्ली से बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ और गोरखपुर की ओर आने वाली ट्रेनों और बसों में जबरदस्त भीड़ है, लेकिन बरेली से दिल्ली जाने वाली कई बसें और ट्रेनें खाली जा रही हैं। यही कारण रहा कि सोमवार को सेटेलाइट बस अड्डे पर यात्रियों का सैलाब दिखा, जबकि पुराना बस अड्डा सूना पड़ा रहा।

Also Read
View All

अगली खबर