शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। सीबीगंज के रामपुर रोड से लेकर खलीलपुर रोड तक अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसते हुए अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है।
बरेली। शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। सीबीगंज के रामपुर रोड से लेकर खलीलपुर रोड तक अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसते हुए अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। साफ चेतावनी है कि सात दिन में कब्जा नहीं हटाया तो बुलडोजर सीधे कार्रवाई करेगा।
सीबीगंज के रामपुर रोड पर सरकारी जमीन पर टिनशेड डालकर दुकानें खड़ी कर दी गईं। कई बार नोटिस देने के बावजूद कब्जाधारियों ने सिर्फ दिखावे के लिए अस्थायी अतिक्रमण हटाया, लेकिन स्थायी कब्जा बरकरार रखा।
अब नगर निगम ने आयुष गुप्ता, अमित गुप्ता समेत कई लोगों को अंतिम चेतावनी देते हुए सात दिन का समय दिया है।
नगर निगम की रिपोर्ट के मुताबिक गाटा संख्या 128 पर 55 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है, लेकिन अवैध कब्जों ने विकास कार्य को रोक रखा है। स्पष्ट कहा गया है कि अब विकास के रास्ते में आने वाला हर अतिक्रमण हटेगा, चाहे वह किसी का भी हो।
जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर टिनशेड के साथ लोहे की सीढ़ियां बनाकर कब्जा कर रखा है। सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता समेत अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। तीन मीटर तक फैले कब्जे को हटाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उधर खलीलपुर रोड पर करीब 300 मकानों पर पहले ही लाल निशान लगाए जा चुके हैं। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। सोमवार को नगर निगम टीम फिर मौके पर पहुंची और कागजातों की जांच की। अब इन मकानों पर भी बुलडोजर चलने की आशंका तेज हो गई है।
नगर निगम ने गुप्ता मेडिकल स्टोर, माहेश्वरी मेडिकल स्टोर, ओंकारेश्वर भोजनालय, आहूजा साइकिल स्टोर, प्रगति मेडिकल स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों को नोटिस थमाया है। साफ संदेश—कानून से ऊपर कोई नहीं, कब्जा हटाओ या कार्रवाई झेलो।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि यह आखिरी मौका है। सात दिन बाद बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होगी और किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।