भाजपा विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के लापता होने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। कई घंटे तक मोबाइल बंद रहने और कोई सुराग न मिलने से परिवार में मचा हड़कंप आखिरकार तब थमा, जब अंकित बरेली के सेटेलाइट चौराहे के पास मिल गया।
बरेली। भाजपा विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के लापता होने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। कई घंटे तक मोबाइल बंद रहने और कोई सुराग न मिलने से परिवार में मचा हड़कंप आखिरकार तब थमा, जब अंकित बरेली के सेटेलाइट चौराहे के पास मिल गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उससे बातचीत शुरू की। वहीं पुलिस भी अब उससे पूछताछ कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में वह हॉस्टल से निकला और अचानक लापता क्यों हो गया।
पीलीभीत के अमखिरिया बीसलपुर निवासी अंकित वर्मा राममूर्ति मेडिकल कॉलेज भोजीपुरा से एम फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। परिवार के मुताबिक वह बुधवार शाम करीब सात बजे मंदिर जाने की बात कहकर हॉस्टल से निकला था, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक संपर्क न होने पर परिवार घबरा गया और भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
भाजपा विधायक के भतीजे के अचानक गायब होने की खबर फैलते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई थी। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा रहा। पुलिस ने कॉलेज परिसर, आसपास के इलाके और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी थी।
गुरुवार को अंकित के सेटेलाइट चौराहे के पास होने की सूचना मिली। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि अंकित सुरक्षित है और फिलहाल परिवार उससे बातचीत कर रहा है। पुलिस अधिकारी भी उससे यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि वह अचानक हॉस्टल छोड़कर क्यों चला गया और इस दौरान कहां-कहां रहा।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से जांच रही है। अंकित के मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। शुरुआती तौर पर मामला पारिवारिक तनाव, मानसिक दबाव या किसी अन्य निजी कारण से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
अंकित के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। कई घंटे तक चिंता और बेचैनी के बीच गुजरे इस घटनाक्रम ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की असली वजह साफ हो सकेगी।