बरेली

कल से यूपी बोर्ड परीक्षा का महासंग्राम: 92 हजार छात्र मैदान में, 130 केंद्रों पर कड़ा पहरा, नकल करने पर होगी जेल

माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षाएं कल 18 फरवरी से जिले में शुरू हो रही हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार परीक्षा हर हाल में नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण कराई जाएगी।

2 min read
Feb 17, 2026

बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षाएं कल 18 फरवरी से जिले में शुरू हो रही हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार परीक्षा हर हाल में नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण कराई जाएगी। जिले में इस बार 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनके लिए 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 129 विद्यालयों में और एक केंद्र केन्द्रीय कारागार में स्थापित किया गया है।

सात जोन, 17 सेक्टर और 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात

परीक्षा को लेकर जिले को सात जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, वहीं जोनल पुलिस अधिकारी और पुलिस स्टेटिक अधिकारी भी ड्यूटी पर रहेंगे। एडीएम सिटी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी आपस में मोबाइल नंबर साझा कर समन्वय बनाए रखें। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी की प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य किया गया है।
स्पष्ट कर दिया गया है कि सीएमओ की लिखित संस्तुति के बिना मेडिकल आधार पर कोई छूट नहीं दी जाएगी। जिले के नौ संवेदनशील और चार अतिसंवेदनशील केंद्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और लगातार चेकिंग होगी।

नकल कराने पर 10 साल की जेल, 10 लाख जुर्माना

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने दो टूक कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता नकल विहीन परीक्षा कराना है। यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी या प्रबंधन परीक्षार्थी को अनुचित सहायता देता या देने की कोशिश करता पाया गया तो 10 साल तक की जेल और 10 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत परीक्षा में बाधा पहुंचाने पर आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक जुर्माने का भी प्रावधान है।

स्ट्रांग रूम पर सशस्त्र पहरा, एक किमी दायरे में फोटोस्टेट दुकानें बंद

हर परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम पर दो सशस्त्र पुलिसकर्मी परीक्षाएं समाप्त होने तक तैनात रहेंगे। परीक्षा वाले दिनों में महिला कांस्टेबल भी ड्यूटी पर रहेंगी और छात्राओं की चेकिंग महिला कर्मियों द्वारा ही की जाएगी। परीक्षा केंद्र के एक किलोमीटर दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

बोर्ड परीक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। अभिभावक और परीक्षार्थी 0581-2427433 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का दावा है कि कल से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा को लेकर हर मोर्चे पर तैयारी पूरी है—अब देखना यह है कि व्यवस्था की यह सख्ती मैदान में कितना असर दिखाती है।

Also Read
View All

अगली खबर