बरेली

बरेली कॉलेज में बवाल: फेसबुक पोस्ट पर भड़के एबीवीपी कार्यकर्ता, चीफ प्रॉक्टर हटे, दफ्तर में जड़ा ताला, जानें क्या है पूरा मामला

बरेली कॉलेज में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे के नाम से बनी फेसबुक आईडी पर कथित अमर्यादित पोस्ट सामने आई।

less than 1 minute read
Apr 01, 2026

बरेली। बरेली कॉलेज में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे के नाम से बनी फेसबुक आईडी पर कथित अमर्यादित पोस्ट सामने आई। पोस्ट को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

छात्र संगठन का आरोप है कि फेसबुक आईडी से महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे छात्र-छात्राओं में नाराजगी फैल गई। इसी के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और पैदल मार्च करते हुए प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश राय के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

चीफ प्रॉक्टर से धक्का-मुक्की

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता चीफ प्रॉक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। जैसे ही प्रो. आलोक खरे सामने आए, गुस्साए कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। छात्राओं ने भी विरोध में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति को गंभीर होते देख प्राचार्य ने तत्काल प्रभाव से चीफ प्रॉक्टर को पद से हटा दिया और पूरी प्रॉक्टोरियल टीम को भंग करने का आदेश जारी कर दिया। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

दफ्तर पर जड़ा ताला, सौंप दी चाबी

आक्रोशित छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के कार्यालय पर ताला जड़ दिया और उसकी चाबी प्राचार्य को सौंप दी। पूरे घटनाक्रम के दौरान एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री विकास गोला और महानगर मंत्री आनंद कठेरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। इस पूरे मामले के बाद कॉलेज परिसर में लंबे समय तक गहमागहमी और तनाव का माहौल बना रहा। छात्र संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाए रखने में जुटा रहा।

Also Read
View All

अगली खबर