जानलेवा बुखार जिले में कहर ढ़ाह रहा है। बीमारी की रोकथाम नहीं हो पा रही है, रविवार को शाही इलाके में तीन और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही शाही इलाके में बुखार से मरने वालों की संख्या छह हो गई है, जबकि जिले में ये आंकड़ा 20 मौतों का है। वहीं अभी कई मरीज बुखार की चपेट में हैं। जिला अस्पताल में भी बुखार से पीड़ित तमाम बच्चे भर्ती हुए हैं।

मलेरिया और वायरल फीवर का प्रकोप कस्बा शाही के मोहल्ला गांधी नगर के रहने वाले अर्जुन सागर की 14 साल की बेटी गुड़िया की बुखार से मौत हो गयी। गुड़िया का इलाज कस्बे में ही चल रहा था। गुड़िया ने रविवार को दम तोड़ दिया। शाही के गांव मक्ड़ीखोय की रहने वाली 19 साल की तेजश्री की भी बुखार से मौत हो गयी। ज्वालापुर गांव के 13 साल के प्रेमपाल की भी तेज बुखार से मौत हो गयी। प्रेमपाल का इलाज फतेहगंज पश्चिमी में एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां चल रहा था। इसके साथ ही तमाम लोग अभी भी बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो इस समय जिले में मलेरिया और वायरल फीवर फैला हुआ है।
तीन मरीजों में हुई है डेंगू की पुष्टि
बरेली में डेंगू के भी तीन मरीज मिल चुके हैं जिनमें से दो मरीज बरेली के हैं। जबकि एक मरीज शाजहांपुर का है। हालांकि तीनों मरीज इलाज के बाद स्वस्थ्य हो चुके हैं।