
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो-- ANI)
Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों की वैधता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में धांधली हुई है। सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो के खिलाफ राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा की जीत के बाद ट्रंप ने बिना कोई ठोस सबूत दिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। इसके अलावा 2026 के अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर घोषणा की कि जो कोई भी चुनावी धांधली का पर्दाफाश करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने में मदद करने वाली जानकारी देगा, उसे 1 मिलियन डॉलर का इनाम दिया जाएगा।
एक चुनावी रैली के लिए रवाना होते समय पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील में वोटों की गिनती की प्रक्रिया और सुप्रीम कोर्ट द्वारा मतदान का समय दो घंटे बढ़ाने के फैसले की आलोचना की। ट्रंप ने कहा कि वैसे तो उन्होंने किसी का पक्ष नहीं लिया था, लेकिन यह चुनाव देखने में एक और फिक्स चुनाव जैसा लगा। उन्होंने कहा कि चुनाव विवादों से मुक्त होने चाहिए, लेकिन जिस तरह से वोटों की गिनती हुई और आखिरी समय में मतदान का समय दो घंटे बढ़ाया गया, वह बेहद अजीब था।
ब्राजील के चुनाव पर अपनी टिप्पणी के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो कोई भी पिछले चुनाव या होने वाले मिडटर्म चुनाव में वोटर फ्रॉड के बारे में जानकारी देगा, उसे 1 मिलियन डॉलर का इनाम दिया जाएगा। हालांकि, यह इनाम तभी मिलेगा जब दोषी व्यक्ति गिरफ्तार हो जाए और उसे सजा हो जाए।
इधर, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और चुनाव में हारे हुए उम्मीदवार, फ्लेवियो बोल्सोनारो ने नतीजों को मानने से इनकार कर दिया है। वे चुनाव को अमान्य घोषित कराने के लिए कानूनी रास्ते अपना रहे हैं। इस बीच, फेडरल पुलिस के आदेश के बाद, फ्लावियो बोल्सोनारो ने अपने पिता से मिलने के बाद अपना पासपोर्ट सौंप दिया। उनके पिता अभी हाउस अरेस्ट में हैं। हालांकि, फ्लावियो ने देश छोड़कर भागने की किसी भी योजना से साफ इनकार किया है।
Updated on:
27 Oct 2026, 6:43 AM IST
Published on:
27 Oct 2026, 6:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.