शहर में रसोई गैस की किल्लत अब खतरनाक हादसों की वजह बनने लगी है। कैंट क्षेत्र में गैस सिलेंडर खत्म होने के कारण मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रही महिला के पास अचानक कुकर फट गया।
बरेली। शहर में रसोई गैस की किल्लत अब खतरनाक हादसों की वजह बनने लगी है। कैंट क्षेत्र में गैस सिलेंडर खत्म होने के कारण मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रही महिला के पास अचानक कुकर फट गया। धमाके से महिला समेत चार लोग झुलस गए। इनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के नकटिया निवासी राम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम उनकी पत्नी नन्ही देवी मिट्टी के चूल्हे पर उड़द और राजमा बना रही थीं। उस समय घर में बच्चे भी पास ही बैठे हुए थे। अचानक तेज धमाके के साथ कुकर फट गया। धमाके से आसपास अफरा-तफरी मच गई और गर्म भाप व दाल के छींटों से चार लोग झुलस गए।
हादसे में राम सिंह की पत्नी नन्ही देवी, बेटा कार्तिक, बेटी नेहा और देवांश गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार के लोगों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार छोटे बेटे कार्तिक का शरीर काफी ज्यादा झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
राम सिंह ने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से इलाके में गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है। कई बार एजेंसी और वितरण केंद्र पर लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। मजबूरी में परिवार ने मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। राम सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने प्रशासन से गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने और पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है।