
बरेली। शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई गैस एजेंसियों पर बुकिंग नहीं हो पा रही है और जिन लोगों ने फोन या ऑनलाइन बुकिंग कराई है, उन्हें भी तीन-चार दिन बाद तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिल रही। मजबूर होकर उपभोक्ता एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं और लंबी कतारों में धक्के खा रहे हैं। हालात यह हैं कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर भी कई बार मिलाने पर बंद मिल रहा है, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ एजेंसियों में पुराने कनेक्शन नंबरों से फर्जी बुकिंग दिखाकर सिलेंडर स्टॉक किए जा रहे हैं और बाद में इन्हें ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है। वहीं एजेंसी संचालक अचानक बढ़ी बुकिंग और सीमित आपूर्ति का हवाला देकर समय पर डिलीवरी न होने की बात कह रहे हैं।
गैस एजेंसियों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने एलपीजी गैस की आपूर्ति, डिलीवरी में देरी और तय कीमत से अधिक वसूली की शिकायतों के मद्देनजर हेल्पलाइन नंबर 9456667774 जारी किया था। इस नंबर पर उपभोक्ताओं को बुकिंग, डिलीवरी में देरी, आपूर्ति में समस्या या अधिक कीमत वसूली से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी गई थी। लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि यह हेल्पलाइन नंबर कई बार मिलाने के बाद भी बंद मिलता है या कॉल रिसीव नहीं होती। ऐसे में लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो गया है कि जब शिकायत के लिए जारी नंबर ही काम नहीं कर रहा, तो गैस एजेंसियों की मनमानी की शिकायत आखिर कहां और कैसे करें।
शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित गैस एजेंसियों पर इन दिनों रोजाना बड़ी संख्या में उपभोक्ता बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि ऑनलाइन या फोन से बुकिंग नहीं हो पा रही है, जबकि कुछ जगहों पर हेल्पलाइन नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं। ऐसे में लोग सीधे एजेंसी पहुंचने को मजबूर हैं, जहां उन्हें लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ एजेंसी संचालक पुराने उपभोक्ताओं के कनेक्शन नंबर से खुद ही बुकिंग दिखाकर सिलिंडर स्टॉक कर रहे हैं। इसके बाद इन्हें जरूरतमंद लोगों को दोगुनी कीमत पर बेचने की कोशिश की जा रही है। जब वास्तविक उपभोक्ता अपने नंबर से बुकिंग कराने पहुंचते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि उनके नंबर से पहले ही बुकिंग और डिलीवरी हो चुकी है।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने फोन से बुकिंग करा दी थी, लेकिन तीन से चार दिन बीतने के बाद भी सिलिंडर घर नहीं पहुंचा। इस वजह से लोगों को खाना बनाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने से कई जगह बहस और नाराजगी के हालात भी बन रहे हैं। वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि अचानक बुकिंग की संख्या काफी बढ़ गई है, जबकि सप्लाई और डिलीवरी स्टाफ सीमित है। इसी वजह से तय समय पर सिलिंडर पहुंचाने में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि जैसे ही पर्याप्त आपूर्ति मिलेगी, सभी लंबित बुकिंग की डिलीवरी जल्द कर दी जाएगी।
डीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि मोबाइल बंद नहीं है, उपभोक्ताओं के अधिक फोन आने के कारण फोन व्यस्त जा रहा है।
Updated on:
14 Mar 2026 02:59 pm
Published on:
14 Mar 2026 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
