
बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की तीन चरणों में सघन चेकिंग की गई और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
दरोगा भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। परीक्षा केंद्रों के गेट पर अभ्यर्थियों की तीन बार चेकिंग की गई। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते-मोजे तक उतरवाकर जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर न जा सके। इसके बाद बायोमेट्रिक और पहचान सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं लागू की गई थीं।
सख्त जांच के बीच कई केंद्रों पर रेटिना स्कैनिंग मशीन बार-बार खराब हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि तकनीकी टीम ने मशीनों को ठीक कराकर प्रक्रिया फिर से शुरू कराई। जिले का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज रहा, जहां पांच अलग-अलग सेंटर बनाए गए थे। इसके अलावा जीजीआईसी, जीआईसी, एसवी इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत अन्य संस्थानों में भी परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा के लिए पहली पाली में कुल 8160 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, लेकिन इनमें से 6047 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 2113 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान था। संभल के रमन चौधरी ने कहा कि पेपर काफी आसान रहा और मेरिट इस बार ऊंची जा सकती है। अमरोहा के राहुल कुमार ने बताया कि प्रश्न सामान्य स्तर के थे और समय से पहले ही हल हो गए। वहीं बदायूं की नीरज गौतम ने भी कहा कि पेपर समय पर शुरू हुआ और सवाल सरल थे।
पहली पाली की परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले, जिससे शहर की कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। विशेष रूप से बरेली कॉलेज चौराहे के आसपास काफी देर तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। यातायात पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया गया।
दरोगा भर्ती परीक्षा के चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थी दूसरे जिलों से बरेली पहुंचे थे। रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसें लगाई गई थीं, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद कई अभ्यर्थियों को बसों के लिए इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर रेलवे ने भी विशेष ट्रेन चलाई और करीब 10 ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिली। बरेली जंक्शन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस को तैनात किया गया, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
दरोगा भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जानी है। प्रशासन ने दूसरी पाली के लिए भी सुरक्षा और निगरानी के वही सख्त इंतजाम बनाए रखे हैं, जो पहली पाली में लागू किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है।
Published on:
14 Mar 2026 03:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
