नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में संविदा पर सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत एक युवक की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या की।
बरेली। नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में संविदा पर सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत एक युवक की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या की। पहले मृतक को नशे की गोलियां खिलाकर बेहोश किया गया, फिर उसका गला दबाकर मार डाला गया, और शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया।
घटना रविवार शाम की है, जब नगर पंचायत कार्यालय के पीछे ठाकुरद्वारा मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले 35 वर्षीय केहरपाल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मारने के निशान मिलने पर हत्या की पुष्टि हो गई।
मृतक के भाई अशोक कुमार, निवासी खैलम विहार जागीर, थाना अलीगंज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि केहरपाल की पत्नी उसकी मर्जी के खिलाफ एक मेडिकल कॉलेज में नौकरी करती थी। वहीं काम करने वाला बुलंदशहर निवासी पिंटू नामक युवक उसके साथ अक्सर रसोई घर में रहता और खाना बनाता था। दोनों के बीच अवैध संबंधों की जानकारी होने पर केहरपाल ने इसका विरोध भी किया था।
पुलिस पूछताछ में पड़ोसियों ने भी बताया कि केहरपाल और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे। घटना वाले दिन भी घर से कहासुनी की आवाजें सुनी गई थीं। पुलिस का मानना है कि इसी दौरान साजिश के तहत पहले नशे की दवा दी गई और फिर हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि यह मामला घरेलू विवाद और अवैध संबंधों की वजह से उपजा है। मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी और उसके प्रेमी पिंटू के खिलाफ हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।