
बरेली। बारादरी के पुराने शहर में सिरफिरों की हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां पर कुछ युवकों ने मिलकर एक डॉगी को पेट्रोल डाल कर जला दिया। बेजुबान जानवर को इलाज के लिए आईवीआरआई ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी की मौत हो गई। दरिंदों ने सिर्फ डॉगी के साथ ही हैवानियत नहीं की, बल्कि उसके बच्चों को भी मार डाला।जानवरों की संस्था चलाने वाली शालिनी अग्रवाल अरोड़ा की शिकायत पर बारादरी थाने में बेजुबान जानवर को जलाकर मारने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इलाज के दौरान हुई मौत
लावारिस जानवरों के मर्सी फॉर आल नाम की संस्था चलाने वाली शालिनी अग्रवाल अरोड़ा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पुराने शहर में कुछ युवकों ने एक डॉगी को पेट्रोल डाल कर जला दिया है, जिसके बाद वो उसे लेकर इलाज के लिए आईवीआरआई पहुंचीं। वहां पर डॉगी की मौत हो गई। इतना ही नहीं युवकों ने उसके बच्चों को भी मार दिया। शालिनी ने कहा कि ये बहुत ही निंदनीय काम है और वो ऐसा कृत्य करने वालों को जरूर सजा दिलाएंगी।
मुकदमा हुआ दर्ज
डॉगी की मौत के बाद शालिनी ने पूरे मामले की शिकायत बारादरी थाने में की। शालिनी की शिकायत पर बारादरी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ बेजुबान जानवर को जलाकर मारने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो भी बनाया
शालिनी अग्रवाल ने बताया कि उन्हें पता चला है कि इस पूरे मामले का वीडियो भी बनाया गया है और वो वीडियो की तलाश कर रही हैं। वीडियो सामने आने पर आरोपियों की पहचान आसान हो जाएगी।
हैवानियत की सारी हदें की पार
बेजुबान जानवर को जिंदा जलाने वालों ने न सिर्फ उसे जलाकर हैवानियत की हदें पार कीं, बल्कि उसके छोटे छोटे बच्चों को पर बाइक चढ़ाई और पत्थर मार मारकर उन्हें मार डाला। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।