पुलिस व्यवस्था में एक साथ बड़ा फेरबदल करते हुए डीआईजी अजय साहनी ने 54 इंस्पेक्टर और दारोगाओं का गैर जनपद तबादला कर दिया।
बरेली। पुलिस व्यवस्था में एक साथ बड़ा फेरबदल करते हुए डीआईजी अजय साहनी ने 54 इंस्पेक्टर और दारोगाओं का गैर जनपद तबादला कर दिया। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर सभी को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया गया है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।
तबादले की इस बड़ी लिस्ट में कई ऐसे इंस्पेक्टर और दारोगा शामिल हैं, जो जिले के अलग-अलग थानों और यूनिट्स में तैनात थे। अचानक रिलीव आदेश जारी होते ही कई थानों की कमान बदल गई और पुलिस लाइन से लेकर क्राइम ब्रांच तक हलचल तेज हो गई।
पुलिस विभाग की सूची के मुताबिक, साइबर थाना से नीरज सिंह यादव का ट्रांसफर शाहजहांपुर किया गया है। वहीं क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर रामसेवक और न्यायालय सुरक्षा प्रभारी सतीश कुमार को बदायूं भेजा गया है। इसके अलावा रामवीर सिंह और रूप नारायण सिंह को पीलीभीत ट्रांसफर किया गया है।
इस तबादला सूची में कुल 5 इंस्पेक्टर और 49 दारोगा शामिल हैं। इनमें एएनटीएफ प्रभारी विकास यादव, धर्मवीर सिंह, धर्मेंद्र कुमार देशवाल, सरिता, मेवाराम, सोनी खंपा, चित्रदेव शर्मा, योगेंद्र सिंह यादव, मनोज कुमार, ललित गिरि, अखलेश कुमार समेत कई नाम शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन सभी पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर पहले ही अन्य जनपदों में कर दिया गया था। अब एसएसपी ने सख्ती दिखाते हुए सभी को तत्काल रिलीव कर दिया है, जिससे उन्हें नए जिले में जल्द आमद कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कर दिया है कि आदेश का पालन हर हाल में करना होगा। किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यही वजह रही कि बिना किसी देरी के सभी पुलिसकर्मियों को एक साथ रिलीव कर दिया गया।
एक साथ इतने बड़े स्तर पर हुए तबादलों के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर नई तैनाती और जिम्मेदारियों पर टिकी है, जबकि जिले में नई पोस्टिंग को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि अभी कुछ दरोगा ट्रांसफर के लिए रह गए हैं। उनकी स्क्रीनिंग चल रही है कि उन्होंने तथ्यों को छुपा कर ट्रांसफर लिस्ट से अपना नाम बचाए रखा है।