बरेली

यूपी के इस जिले में गरजा बुलडोजर, हजारों वर्गमीटर में फैली अवैध कॉलोनी को BDA ने किया जमींदोज

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बीडीए ने बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के बिचपुरी गांव में बड़ी कार्रवाई की। करीब 4000 वर्गमीटर में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तमाशबीन बनकर जुट गए।

2 min read
Apr 24, 2026

बरेली। अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बीडीए ने बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के बिचपुरी गांव में बड़ी कार्रवाई की। करीब 4000 वर्गमीटर में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तमाशबीन बनकर जुट गए।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ ए मनिकंडन बताया कि जांच में सामने आया कि मो. इस्लाम और मो. वजरूद्दीन बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग कर रहे थे। जमीन पर भूखंडों का चिन्हांकन कर दिया गया था, साथ ही सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा था। कॉलोनी को जल्द बेचने की तैयारी थी, लेकिन प्राधिकरण की नजर पड़ते ही पूरा खेल खुल गया।

टीम पहुंची और मिनटों में ढहा दिया पूरा ढांचा

संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची। सहायक अभियंता विनोद कुमार और अवर अभियंता सीताराम की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण को एक-एक कर गिराया गया। कार्रवाई इतनी तेज रही कि निर्माण कराने वालों को कोई मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत बिना स्वीकृत मानचित्र के कोई भी निर्माण या प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में सीधे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है और जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से खर्च की वसूली भी की जा सकती है।

खरीददार भी रहें सतर्क, नहीं तो पैसा डूबेगा

प्राधिकरण ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि प्लॉट या मकान खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करें। बिना स्वीकृति वाली जमीन खरीदने पर भविष्य में नुकसान उठाना पड़ सकता है और ऐसी संपत्ति कभी भी कार्रवाई की जद में आ सकती है। बीडीए उपाध्यक्ष ने संकेत दिए हैं कि शहर और आसपास के इलाकों में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। जहां भी बिना अनुमति निर्माण या प्लॉटिंग मिलेगी, वहां इसी तरह बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All