बाड़मेर

Balotra News: ‘हनुमान अंश’ के 3 मिनट के किरदार ने बदली गजेंद्र सुथार की पहचान, अब ‘रामायण’ में निभाएंगे केवट का रोल

बालोतरा के अभिनेता गजेंद्र सुथार ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ में महज करीब साढ़े तीन मिनट के चाय वाले के किरदार से देशभर में पहचान बनाई। फिल्म में उनके संवाद ने दर्शकों का ध्यान खींचा। अब गजेंद्र रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ में केवट की भूमिका निभाते नजर आएंगे। गजेंद्र ने ‘पत्रिका’ से खास बातचीत में अपने सफर, ‘हनुमान अंश’ की शूटिंग और आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर कई अनुभव साझा किए।
2 min read
• •
Oct 02, 2026
Gajendra Suthar
Gajendra Suthar : फोटो-पत्रिका

बालोतरा। 'मन से नहीं पढ़ोगे तो हनुमान चालीसा भी काम नहीं आएगी…' फिल्म ‘हनुमान अंश’ में यह संवाद बोलकर चर्चा में आए बालोतरा के अभिनेता गजेंद्र सुथार इन दिनों अपने शहर आए हुए हैं। गजेंद्र पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रहकर अभिनय कर रहे हैं। फिल्म में उन्होंने चाय वाले का करीब साढ़े तीन मिनट का किरदार निभाया है, जिसे बाबा नीम करोली का ही एक रूप बताया गया है। इस छोटे से किरदार को दर्शकों का खूब प्यार मिला। ऐसे में बालोतरा में गजेंद्र सुथार ने पत्रिका से विशेष बातचीत की है।

पत्रिका सवाल : आपकों फिल्म से क्या उम्मीद थी?

गजेंद्र का जवाब : फिल्म रिलीज होने के बाद शुरुआती तीन दिनों में कमाई कम रही तो लगा कि शायद इस बार भी नंबर नहीं लगेगा। बाद में फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। लोग आधे घंटे के रोल के बाद कलाकारों को भूल जाते हैं, लेकिन बाबा की कृपा से मेरा तीन मिनट का रोल लोगों के दिलों में बस गया। फिल्म ने ‘टॉक्सिक’, ‘अवतार 2’ और ‘स्पाइडर मैन’ जैसी बड़ी फिल्मों के बीच भी अपनी जगह बनाई। वे इसे बाबा की कृपा मानते हैं।

पत्रिका सवाल : ‘रामायण’ में आपका किरदार क्या है?

गजेंद्र का जवाब : रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बड़े बजट की फिल्म ‘रामायण’ में केवट की भूमिका निभाई है। इसके अलावा एक और फिल्म ‘बॉम्बे कैफे’ आने वाली है। कई फिल्मों में काम करने के बावजूद ‘हनुमान अंश’ हमेशा दिल के सबसे करीब और खास रहेगी। मैं हनुमानजी का उपासक हूं और एक संकल्प के तहत 13 माह हनुमान चालीसा का पाठ कर चुका हूं। यह सब बाबा की मेहरबानी है।

पत्रिका सवाल : आपके अनुसार कैसी फिल्में बननी चाहिए?

गजेंद्र का जवाब : भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ी फिल्में लगातार बननी चाहिए। ऐसी फिल्मों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। आज विदेशों में भी भारतीय संस्कृति का प्रसार हो रहा है, इसलिए अच्छे संदेश वाली फिल्मों का निर्माण जारी रहना चाहिए।

पत्रिका सवाल : फिल्म की शूटिंग के बारे में बताएं?

गजेंद्र का जवाब : ‘हनुमान अंश’ के सेट का माहौल सात्विक था। वहां शुद्ध सात्विक भोजन बनता था और हर दिन शूटिंग की शुरुआत व पैकअप हनुमान चालीसा के पाठ से होता था। शूटिंग के दौरान कई बार लंगूर और बंदर भी शांत होकर सेट पर आकर बैठ जाते थे। शूटिंग के दौरान हनुमानजी की मूर्ति रखते समय एक लंगूर स्वयं वहां आकर बैठ गया और जयकारे लगने तक वहीं रहा, फिर चला गया।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
02 Oct 2026 06:31 pm
Published on:
02 Oct 2026 06:31 pm