
Rajasthan : रोल बॉल खिलाड़ी गौरवी सिंह। फोटो -@AnitaBhadelBJP
Rajasthan : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित रोल बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली अजमेर निवासी प्रतिभाशाली खिलाड़ी गौरवी सिंह का शुक्रवार को अभिनंदन किया। गौरवी सिंह ने भागीरथ चौधरी के अजमेर जिले के किशनगढ़ स्थित आवास कार्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की और इस अवसर पर भागीरथ चौधरी ने होनहार बेटी का माला, शॉल एवं मेडल पहनाकर स्वागत-सम्मान किया तथा मिठाई खिलाकर उनकी शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
मंत्री भागीरथ चौधरी ने गौरवी सिंह के परिजनों को भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने ने कहा कि गौरवी सिंह ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर अजमेर सहित पूरे राजस्थान और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है। खेल के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और सफलता देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
मंत्री भागीरथ चौधरी ने गौरवी सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी प्रकार निरंतर मेहनत करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करें तथा देश का नाम रोशन करती रहें।
श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रोल बॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत में अजमेर की बेटी गौरवी सिंह सिंह की अहम भूमिका रही। गौरवी ने बताया कि रोल बॉल प्रतियोगिता में भारत, श्रीलंका, इजिप्ट और फिलीपींस की टीमों ने हिस्सा लिया था। फाइनल मैच में मुकाबला मेजबान श्रीलंका से हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 2-0 से पराजित किया और गोल्ड मेडल जीता।
गौरवी सिंह के अनुसार बीते करीब 9 वर्षों से वह रोल बॉल खेल का अभ्यास कर रही हैं। श्रीलंका में मिली यह सफलता उनके कैरियर की एक बड़ी उपलब्धि है। इस जीत के बाद आगामी एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप के ट्रायल्स की तैयारी में जुट गई हैं। उन्हें उम्मीद है कि आगामी प्रतियोगिताओं के लिए वह भारतीय टीम में जगह बनाने में सफल रहेंगी।
Updated on:
02 Oct 2026 03:30 pm
Published on:
02 Oct 2026 03:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
