बाड़मेर

बालोतरा : चाकू के ताबड़तोड़ वार से पत्नी की हत्या, पति ने खुद का भी काटा गला, इलाके में हड़कंप

बालोतरा जिले के सिवाना कस्बे के जीनगरों के वास में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के चलते पति ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद के गले और पेट पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया।
2 min read
May 23, 2026
Balotra Woman Murder
फोटो पत्रिका नेटवर्क

बालोतरा। जिले के सिवाना कस्बे के जीनगरों के वास में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के चलते पति ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद के गले और पेट पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल आरोपी को पहले बालोतरा जिला अस्पताल और बाद में जोधपुर रेफर किया गया है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार समदड़ी निवासी नितेश कुमार (35) पुत्र मदनलाल अपनी पत्नी कांता (30) से मिलने सिवाना स्थित उसके पीहर आया था। कांता अपने 14 वर्षीय पुत्री और 10 वर्षीय पुत्र के साथ छुट्टियों में जीनगरों के वास में रह रही थी। शनिवार को नितेश ने कांता को घर के पास गली में बुलाया, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए नितेश ने जेब से चाकू निकालकर कांता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

खुद पर भी किया हमला

घटना के बाद नितेश ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिए और लहूलुहान हालत में पास की एक दुकान के बाहर बैठ गया। लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिवाना थाना अधिकारी चंद्रसिंह मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से दोनों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस और एसएफएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

अस्पताल में चिकित्सकों ने कांता को मृत घोषित कर दिया, जबकि नितेश की हालत गंभीर होने पर उसे बालोतरा जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया है और एसएफएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को सिवाना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है।

थानाधिकारी चंद्रसिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले के कारणों का खुलासा परिजनों की रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

Updated on:
23 May 2026 06:38 pm
Published on:
23 May 2026 06:36 pm