
Barmer History Sheeter Arrest: बाड़मेर जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाड़मेर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बायतु वृत्त पुलिस टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में पैरोल से लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी रेतीले धोरों में भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस टीम ने करीब तीन किलोमीटर तक पैदल पीछा कर दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों की दस्तयाबी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़मेर नितेश आर्य के सुपरविजन तथा डॉ. दीपेंद्र सैनी (आरपीएस, वृताधिकारी वृत्त बायतु) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
क्षेत्र में चलाए जा रहे 'एरिया डोमिनेशन' कार्रवाई के दौरान वृताधिकारी बायतु को मुखबिर से ठोस सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार समदड़ी थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में पैरोल से फरार चल रहा बायतु थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी गजेंद्र बेनीवाल उर्फ गजनी (पुत्र लूंभा राम, निवासी बेनीवालों की ढाणी, एनडीकेडी, बाड़मेर) सरहद भोजासर में अपनी मौसी के घर छुपा हुआ है।
सूचना पर वृताधिकारी बायतु मय टीम एवं थाना बायतु की पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर शातिर अपराधी पैदल ही रेगिस्तानी रेतीले धोरों की तरफ भागने लगा। पुलिस जवानों ने बिना हिम्मत हारे करीब 3 किलोमीटर तक रेतीले टीलों पर उसका पीछा किया और अंततः उसे घेरकर दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गजेंद्र बेनीवाल उर्फ गजनी बायतु पुलिस थाने का चिह्नित हिस्ट्रीशीटर है। वह आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में कुल 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें बाड़मेर के सदर थाने में 2, बायतु थाने में 1, नागौर सदर थाने में 2, जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में 2, पाली जिले के रोहट थाने में 1 तथा प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाने में 1 मामला दर्ज है। फिलहाल, पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।