
Major Reshuffle in Barmer Police Department: बाड़मेर जिले के पुनर्गठन के बाद अब पुलिस व्यवस्था को भी नए सिरे से ढाल दिया गया है। दूसरी बार सीमाओं में बदलाव के बाद गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर बाड़मेर और बालोतरा जिलों में थानों व पुलिस ढांचे का पुनर्विन्यास कर दिया है।
बता दें कि इस बदलाव के साथ दोनों जिलों की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी और क्षेत्रवार संतुलित बनाने की कोशिश की गई है। नए आदेश के अनुसार, बाड़मेर जिले में चार वृत्तों के तहत 15 पुलिस थाने संचालित होंगे। जबकि महिला थाना और साइबर थाना अलग से होने के कारण कुल संख्या 17 हो जाएगी।
साथ ही जिले में 26 पुलिस चौकियां भी कार्यरत रहेंगी। एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) का पद भी स्वीकृत किया गया है, जो विभिन्न शाखाओं की निगरानी करेंगे। वहीं बालोतरा जिले में चार वृत्त कार्यालयों के अधीन कुल 13 पुलिस थाने संचालित होंगे। यह पुनर्गठन नवगठित जिले की प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार किया गया है, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में भी पुलिस की पहुंच मजबूत हो सके।
बाड़मेर से अलग होकर बने बालोतरा जिले के बाद पहली बार पुलिस ढांचे को इस स्तर पर व्यवस्थित किया गया है। यह बदलाव न केवल प्रशासनिक नियंत्रण को स्पष्ट करेगा, बल्कि अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आमजन की सुरक्षा के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
राज्य सरकार ने बालोतरा जिले के गठन के बाद उत्पन्न हुए क्षेत्राधिकार के असमंजस को दूर करते हुए बाड़मेर जिले के शेष रहे 47 गांवों के लिए नवीन अधिसूचना जारी की है।
धोरीमन्ना से बाड़मेर सदर में शामिल गांव पहले धोरीमन्ना थाने और गुड़ामालानी सर्किल का हिस्सा थे, जो अब बाड़मेर सदर थाने और बाड़मेर सर्किल के अधीन होंगे। इनका उपखंड भी अब बाड़मेर रहेगा।
आदर्श लूखू, लूखू, खुमें की बेरी, गेनाणियों का तला, सुरते की बेरी, दूदू, शोभाला जेतमाल, मैयों का तला, सियागों की ढाणी, बूठ जेतमाल, दूधिया कला, मांगता, मेघवालों का तला, बाछडाउ, खेमपुरा और किरताणियो मेघवालों का तला। दो गांवों को पुलिस व्यवस्था के लिए बाड़मेर सदर थाने से जोड़ा गया है, लेकिन प्रशासनिक कार्यों के लिए इनका उपखण्ड चौहटन ही रहेगा।
रागेश्वरी गैस टर्मिनल क्षेत्र से बाड़मेर सदर में आए गांव पहले रागेश्वरी गैस टर्मिनल थाने के अधीन थे, जिन्हें अब बाड़मेर सदर थाने और बाड़मेर सर्किल में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनका उपखंड अब बाड़मेर होगा।
अर्जुन की ढाणी, विजयनगर, मंगले की बेरी, धोलानाडा, खारडी बेरी, आडेल पनजी, आसुओ की ढाणी, आडेल, आदर्श आडेल, निम्बलकोट, सियाको की ढाणी चक नं 1, सडेचा, खारीया खुर्द, सियाक नगर, नोखडा, नेहरों का तला, अणखिया, नेहरो का बेरा, मालपुरा, धोलपालीया नाडा और मीठीबेरी।
गुड़ामालानी थाने से बाड़मेर सदर में शामिल गांव पूर्व में गुड़ामालानी थाने और सर्किल के अधीन थे, जिन्हें अब बाड़मेर सदर थाने, बाड़मेर सर्किल और बाड़मेर उपखण्ड के दायरे में लाया गया है।
उडासर, भीलों की ढाणी चक नम्बर 1, कोशले की ढाणी, शिवनगर, धर्मपुरी जी का गांव, मेहलू, मीठीबेरी, गोलिया जेतमाल, मगासर और श्री टिकमगढ़।
राज्य सरकार द्वारा जारी पुलिस अधिकारियों के तबादला आदेश में संशोधन करते हुए 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी चूनाराम जाट को बाड़मेर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उन्हें कमांडेंट आरएसी जयपुर से बाड़मेर भेजा गया है। प्रारंभिक सूची में जीआरपी अजमेर से नरेंद्र सिंह को बाड़मेर एसपी के रूप में भेजा गया था। लेकिन बाद में जारी संशोधित सूची में यह बदलाव किया गया।
सरकार ने बाड़मेर जिले के पुलिस ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए नया सीमांकन जारी किया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। नए आदेशों के तहत अब जिले के थानों और चौकियों पर नियंत्रण एवं निर्देशन की नई व्यवस्था लागू होगी। प्रशासनिक सुगमता के लिए जिले को मुख्य रूप से चार उप अधीक्षक (डीएसपी) स्तर के वृत्तों में विभाजित किया गया है।
बाड़मेर वृत्त: इसके तहत कोतवाली, बाड़मेर सदर, बाड़मेर ग्रामीण और रीको क्षेत्र थाना शामिल रहेंगे। कोतवाली थाने में अस्पताल और कस्बा चौकी, बाड़मेर सदर में चवा, सनावड़ा व खेत सिंह की प्याऊ तथा बाड़मेर ग्रामीण में विशाला व भाडखा चौकी शामिल की गई है।
चौहटन वृत्त: इस वृत्त में चौहटन, बीजराड, सेड़वा, बाखासर और धनाऊ थानों को रखा गया है। चौहटन थाने में बायडू व लीलसर, बीजराड में मीठराऊ, सेड़वा में ओगाला व हरपालिया, बाखासर में सारला व तडला और धनाऊ थाने में बामणोर, बुरान का तला व ईटादा चौकी शामिल की गई है।
रामसर वृत्त: इसके तहत रामसर, गडरारोड, गिराब और शिव थानों का कार्यक्षेत्र तय किया गया है। रामसर थाने में सियाणी व गागरिया, गडरारोड में मुनाबाव व सुन्दरा, गिराब में बंधड़ा व हरसाणी और शिव थाने में गुंगा व नियाड चौकी को शामिल किया गया है।
बायतु वृत्त: इस वृत्त में मुख्य रूप से दो प्रमुख थानों को रखा गया है। इसमें बायतु और नागाणा थाना शामिल हैं। नागाणा थाने के अधीन बाटाडु चौकी को शामिल किया गया है।
महिला व एससी-एसटी सेल: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसआइयूसीएडब्लयू) अब एससी-एसटी सेल और महिला थाने की मॉनिटरिंग करेंगे।
साइबर थाना: साइबर पुलिस थाने का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्यूआइडीटी) के पास रहेगा।
ट्रैफिक: उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़मेर द्वारा किया जाएगा।