
-भवानी सिंह राठौड़
Barmer UIT Colony Project: बाड़मेर शहर में आवासीय विस्तार और लोगों को भूखंड उपलब्ध कराने का सपना दिखाने वाली नगर विकास न्यास (UIT) की तीन कॉलोनियों की योजना जमीन विवाद में उलझ गई है। हालात यह हैं कि करीब 20 लाख रुपए खर्च कर भूखंडों की कटाई तक करवा दी गई, लेकिन आज तक उनकी नीलामी नहीं हो सकी। दूसरी तरफ, प्रोजेक्ट समय पर पूरा नहीं होने के कारण UIT को हर दो-तीन महीने में 50 हजार रुपए का जुर्माना भरना पड़ रहा है। अब तक करीब 2 लाख रुपए जुर्माने के रूप में जमा करवाए जा चुके हैं। इसके बावजूद जमीन विवाद का समाधान नहीं हो पाया है।
बाड़मेर जिला मुख्यालय पर वर्ष 2013 में UIT की स्थापना के बाद शहर के नेजाराम रोड और लालाणियों की ढाणी के पास आवासीय कॉलोनियों के प्रोजेक्ट तैयार किए गए। इनमें नेजाराम रोड क्षेत्र में करीब 450 भूखंड और दूसरी कॉलोनी में 125 भूखंड प्रस्तावित किए गए थे।
योजना के तहत दोनों कॉलोनियों को विकसित कर आवासीय भूखंडों की नीलामी के जरिए राजस्व जुटाने की तैयारी थी। इसके लिए UIT ने करीब 20 लाख रुपए खर्च कर भूखंडों की कटाई भी करवा दी। लेकिन नीलामी से पहले ही जमीन को लेकर विवाद सामने आ गया। नतीजा यह हुआ कि करोड़ों रुपए के संभावित भूखंडों का प्रोजेक्ट फाइलों में ही उलझकर रह गया।
कॉलोनियों को समय पर विकसित नहीं कर पाने का खामियाजा अब UIT को रेरा की कार्रवाई के रूप में भुगतना पड़ रहा है। हर दो-तीन महीने में 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाए जाने से सरकारी खजाने पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
अब तक करीब 2 लाख रुपए जुर्माने के रूप में जमा करवाए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। UIT को हर बार रेरा के सामने अपना पक्ष रखते हुए माफी मांगनी पड़ रही है। यानी एक तरफ जमीन का विवाद नहीं सुलझ रहा है और दूसरी तरफ अधूरे प्रोजेक्ट की कीमत सरकारी धन से चुकानी पड़ रही है।
लगातार कानूनी उलझनों और जुर्माने के बीच UIT अब पुराने विवादित प्रोजेक्ट से अलग साफ-सुथरी जमीन तलाशकर नई कॉलोनी विकसित करने की योजना बना रही है। इसके लिए अगले महीने नए प्रोजेक्ट तैयार करने की बात कही जा रही है।
हालांकि, पुराने प्रोजेक्ट का भविष्य अब भी जमीन विवाद के समाधान पर निर्भर है। कानूनी अड़चनें दूर होने के बाद ही पुराने प्रोजेक्ट में भूखंडों की नीलामी का रास्ता साफ हो सकेगा।
तीनों कॉलोनियों की जमीन और कानूनी पेच के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। UIT की ओर से इस मामले में प्रयास किए जा रहे हैं। पुराने प्रोजेक्ट में भूखंडों की नीलामी कानूनी लड़ाई के बाद ही संभव होगी। वहीं, अगले महीने साफ-सुथरी जमीन पर नया प्रोजेक्ट तैयार करने की योजना है।
-विवेक व्यास, सचिव, UIT, बाड़मेर