- बाड़मेर के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर हादसा- टूरिस्ट बस सूरत से जा रही थी जैसलमेर,बस में थी होम्योपैथी कॉलेज की गल्र्स स्टूडेंट्स
बाड़मेर. बाड़मेर में नेशनल हाईवे-68 धोरीमन्ना रोड पर बाछड़ाऊ के पास सूरत से जैसलमेर जा रही टूरिस्ट बस बुधवार सुबह अचानक आगे चल रहे ट्रोले से टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बस के आगे के हिस्से के परखचे उड़ गए। हादसे में दो जनों की मौके पर मौत हो गई। एक दर्जन से ज्यादा घायल हो गए। सूचना मिलने पर धोरीन्नना पुलिस मौके पर पहुंची।
थानाधिकारी सुरेश सारण ने बताया कि सूरत से कॉलेज स्टूडेंट से भरी बस जैसलमेर जा रही थी। सुबह करीब नौ बजे बस बाछड़ाऊ के पास आगे चल रही ट्रक सेअचानक टकरा गई। हादसे में नवसारी निवासी प्रकाश पुत्र छेलजी रावल, फूलवाड़ी निवासी अल्का पत्नी सुमन राठौड़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य सवार विमलकुमार, इन्दु यादव, पीयूष, जय पटेल, रिषभ, चालक सुरेश निवासी सूरत को मामूली चोटें आई। राजकीय अस्पताल में उनका उपचार करवाया गया। पुलिस ने वाहनों को जब्त किया है। मामले दर्ज कर जांच शुरू की है।
टूर की मौज मस्ती में थी स्टूडेंट्स
सीडी पच्चीगर होम्योपैथिक कॉलेज सूरत की 44 छात्राओं सहित अन्य स्टाफ टूर को लेकर सूरत से मंगलवार को रवाना हुए थे। स्टूडेंट्स टूर की मौज मस्ती में थे। सुबह सभी बस में ही बातें करते हुए आगे की प्लानिंग कर रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया।
ऐसे हुआ हादसा
बस के आगे एक ट्रक चल रहा था। आगे वाले ट्रक ने एक अन्य ट्रोले को ओवरटेक किया और निकल गया। इस बीच चालक हड़बड़ा गया और बस आगे चल रहे ट्रोले के पीछे जा टकराई।
मच गई अफरातफरी
कॉलेज छात्राओं ने बताया कि भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज हुई और चिंगारियां निकलती दिखी। एेसा लगा कि अब कोई नहीं बचेगा। भिड़ंत के बाद बस रुकी तो अफरा-तफरी मच गई।
टूर रद्द, सूरत रवाना
हादसे के बाद अधिकांश छात्राएं अपने परिजनों को रोते-रोते जानकारी दे रही थी। हाईवे पर हादसे के बाद हर कोई मदद को आगे आया। पुलिस आने से पहले ही अधिकांश घायलों को निजी वाहनों से राजकीय अस्पताल बाड़मेर पहुंचा दिया गया। इधर छात्राओं ने हादसे के बाद जैसलमेर टूर रद्द कर दिया और सूरत को रवाना हो गई।