बाड़मेर

कांग्रेस ने नाच-नाच कर राजनीति की, काम नहीं – मुख्यमंत्री राजे

- सरकार को इधर-उधर नहीं करे, काम के कीर्तिमान बनाएंगे  
2 min read
• •
Updated: 3 Sep 2018, 12:46 PM IST
Chief Minister Barmer tour
Chief Minister Barmer tour

बालोतरा/बाड़मेर. मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने रविवार को जोधपुर संभाग की राजस्थान गौरव यात्रा का समापन थार से करते हुए परेऊ, सिवाना और पचपदरा में आमसभाओं में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी को लेकर कांगे्रस ने अपने कार्यकाल में नाच-नाच कर प्रचार किया लेकिन काम नहीं। काम भाजपा सरकार ने किया। रिफाइनरी के साथ ही पचपदरा में 100 करोड़ का पेट्रो केमिकल कॉम्पलैक्स खुलेगा जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जैसलमेर- बाड़मेर-भाभर रेलवे लाइन के लिए भी भरसक प्रयास की बात कही।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को आगे बढ़ाने के लिए पांच वर्ष बाद सरकार को इधर-उधर नहीं करें। इससे नेताओं को फायदा होगा। किसी को मालूम है कि पांच वर्ष बाद उसे सत्ता मिलेगी, तो कोई कार्य क्यों करेगा। जो कार्य कर रहा है, उसका साथ दें। कांग्रेस ने प्रदेश के विकास में कोई कार्य नहीं किया। इससे पहले उन्होंने गांव भादरेस में रात्रि विश्राम के बाद सुबह चौहटन के विरात्रा मंदिर में वांकल माता की पूजा-अर्चना की। यहां से बायतु विधानसभा के परेऊ,सिवाना और पचपदरा में आमसभा को संबोधित किया। यात्रा के समापन पर नागाणा में नागणेच्या माता के दर्शन- पूजन किए,जहां पूर्व महाराजा जोधपुर गजेसिंह ने स्वागत किया।

मुख्य घोषणाएं
- बायतु के खेमाबाबा मंदिर के विकास के लिए पैनोरेमा में शामिल किया जाएगा।
- बालोतरा में पोकरण-फलसूण्ड लिफ्ट परियोजना का पानी सात दिन में पहुंचेगा।
- गोल-तिलवाड़ा के बीच दो करोड़ का रेलवे अण्डरब्रिज बनेगा।
- बायतु के गिड़ा क्षेत्र में तीन दिन में पहुंचेगा मीठा पानी।

मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान तीनों जगह कड़ी सुरक्षा रही। तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मियों सहित आरएसी की सशस्त्र महिला टुकड़ी भी तैनात रही।

कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
तीनों सभा स्थल व उसके आस-पास रविवार को कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। बालोतरा में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के पुतले की शवयात्रा निकाली। यहां पुलिस ने एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया।


संभाग की यात्रा पूर्ण
मुख्यमंत्री ने 24 अगस्त को जैसलमेर से जोधपुर संभाग की यात्रा प्रारंभ की और रविवार को बाड़मेर के नागाणा से जयपुर के लिए रवाना हुईं।

Published on:
Also Read
View All